आम और खास सभी में दिखा उत्साह
खगड़िया। मतदान को लेकर शहरी क्षेत्र से अधिक ग्रामीण इलाके में उत्साह दिखा। शहरी क्षेत्र क
खगड़िया। मतदान को लेकर शहरी क्षेत्र से अधिक ग्रामीण इलाके में उत्साह दिखा। शहरी क्षेत्र के मतदाता घरों से निकले, परंतु अपने हिसाब से। नगर परिषद खगड़िया के जयप्रकाश नगर के मिथिलेश चौधरी डेढ़ बजे दोपहर लालबाबू उच्च विद्यालय स्थित अपने बूथ पर मतदान को पहुंचे। उन्होंने कहा कि घर का काम-धाम निपटा के वोट गिराने आया हूं। उनकी धर्मपत्नी सुनीला चौधरी 12 बजे ही मत डाल चुकी थी। यहां भी महिला वोट गिराने में पुरुष से आगे रही। जबकि जिला मुख्यालय से सटे मथुरापुर, बछौता आदि गांवों में सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ दिखी। सड़कों पर सन्नाटा था और बूथों पर भीड़। इधर, सदर विधायक पूनम देवी यादव, जिप अध्यक्ष कुमारी श्वेता भारती ने अपने चुकती गांव स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। नगर परिषद के सभापति सीता कुमारी ने बलुआही स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाले। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह ने अपने गांव मध्य विद्यालय सतीश नगर स्थित मतदान केंद्र संख्या 194 पर अपने मताधिकार का उपयोग किया। पूर्व खगड़िया विधायक चंद्रमुखी देवी ने भी नगर परिषद खगड़िया स्थित अपने बूथ पर वोट डाले। जबकि परबत्ता विधायक आरएन सिंह ने भी अपने बूथ पर मतदान किया।
मतदान को लेकर आम और खास सभी में उत्साह दिखा। खगड़िया विधान सभा के बूथ संख्या 83 पर 70 वर्षीय पवित्री देवी सुबह सात बजे ही मतदान करने पहुंच गई थी। इधर, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मतदान केंद्र का जायजा लेते दिखे। खगड़िया एसपी मीनू कुमारी ने अलौली विधान सभा के आदर्श मतदान केंद्र संख्या सह सखी मतदान केंद्र का जायजा लिया।