Bihar: चिराग पासवान की बड़ी मां का आरोप, देवरानियों ने घर से निकाला और सामान फेंका; थाने में शिकायत
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की बड़ी मां राज कुमारी देवी ने अपने देवरानियों शोभा देवी और सुनैना देवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दोनों देवरानियां उनके घर में घुस आईं और उनके सामान को बाहर फेंक दिया। साथ ही बेडरूम और बाथरूम में ताला भी लगा दिया। राज कुमारी देवी ने अलौली थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

संवाद सूत्र, अलौली (खगड़िया)। एक बार फिर चाचा-भतीजा पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस और वर्तमान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बीच चल रहा विवाद सतह पर आ गया है। विवाद में अब नया मोड़ आया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति शेष रामविलास पासवान की पहली पत्नी और लोजपा (रामविलास) के सुप्रीमो चिराग पासवान की बड़ी मां राज कुमारी देवी ने अलौली थाना में आवेदन दिया है।
उन्होंने कहा है कि उनके अलौली प्रखंड अंतर्गत शहरबन्नी पंचायत की मंत्री जी टोला स्थित आवास पर उनकी देवरानी शोभा देवी (पशुपति कुमार पारस की पत्नी) और सुनैना देवी (स्व. रामचंद्र पासवान की पत्नी) और इनके बॉडी गार्ड अमित पासवान व दो ड्राइवर 29 मार्च को आए।
बेडरूम और बाथरूम में लगाया ताला
राज कुमारी देवी के अनुसार, 30 मार्च की दोपहर तीन बजे के करीब दोनों देवरानी उनके कमरे में आई और उनके जरूरत के समान, कपड़े, बिछावन, जेवरात बाहर निकाल कर फेंक दिए। बेडरूम और बाथरूम में ताला मारने का भी आरोप लगाया है। 75 वर्षीय राजकुमारी देवी के अनुसार, वे इस मकान में 60 साल से रह रही हैं। उन्होंने कहा है कि घटना के बाद से मैं सदमे में हूं।
इधर, अलौली थानाध्यक्ष समरेंद्र कुमार ने कहा कि आवेदन मिला है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। मालूम हो कि मकान दो मंजिला है। सूत्रों के अनुसार, मकान ज्वाइंट संपत्ति बताई जा रही है।
राज कुमारी देवी की तबीयत बिगड़ी
इस घटना के बीच अब राज कुमारी देवी की तबीयत भी बिगड़ गई है। उन्हें चिकित्सक की देखरेख में स्लाइन और ऑक्सीजन चढ़ाया गया। सोमवार की संध्या उनकी तबीयत में सुधार देखा गया। स्लाइन और ऑक्सीजन हटा लिया गया था। वह शहरबन्नी स्थित मकान के निचले तल पर आराम कर रहीं थीं। उनकी आंखों से आंसू निकल रहा था।
इधर, पशुपति कुमार पारस की पत्नी शोभा देवी सोमवार की संध्या पुन: उक्त आवास पर पहुंची। उन्होंने ऊपरी तल के तीन में से दो कमरे का ताला खोल दिया है। एक कमरे में ताला लगा हुआ है। इसके बाद वे यहां से गाड़ी में बैठकर निकल गई।
चिराग बोले- मैं जल्द ही आ रहा हूं
उन्होंने कहा कि अब कौन-सा आरोप लगाना बाकी रहा। अब राज कुमारी जी मारपीट का भी आरोप लगा सकती हैं। इधर, मोबाइल पर राज कुमारी देवी से चिराग पासवान ने बात की। उन्होंने स्वास्थ्य का हाल जाना और कहा कि जल्द ही आ रहा हूं। खगड़िया के लोजपा (रामविलास) सांसद राजेश वर्मा ने भी मोबाइल से राज कुमारी देवी का हाल जाना।
घटना की जानकारी मिलते ही लोजपा (रामविलास) के प्रधान महासचिव संजय पासवान ने शहरबन्नी पहुंचकर राज कुमारी देवी का हालचाल जाना। संजय पासवान ने पशुपति पारस को घटना के लिए जिम्मेवार ठहराया है। उन्होंने कहा कि पहले पार्टी को तोड़कर उसपर कब्जा करना चाहा, जो साजिश विफल हो गई। अब पारस जी मां स्वरूप भाभी को घर से निकालकर उनकी संपत्ति पर कब्जा करना चाह रहे हैं।
उन्होंने जिला पुलिस-प्रशासन से घटना में संलिप्त सभी आरोपितों पर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, उक्त घटना की जानकारी मिलते ही लोजपा (रामविलास) के छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सीमांत मिर्णाल उर्फ प्रिंस भी शहरबन्नी पहुंचे और अपनी नानी राज कुमारी देवी का हालचाल जाना।
उन्होंने बताया कि नानी के साथ परिवार के ही लोगों ने दुर्व्यवहार किया है। उनका सारा सामान घर के बाहर कर दिया गया। इस घटना से वे अचेत हो गई हैं। लगातार डॉक्टर उनकी स्वास्थ्य जांच कर रहे हैं। अभी वह ठीक हैं। घटना की जानकारी केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को दी गई है। इधर, अलौली थानाध्यक्ष समरेंद्र कुमार सोमवार की रात्रि आठ बजे के आसपास शहरबन्नी पहुंच राज कुमारी देवी से आवश्यक जानकारी ली।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।