एक ही नाम, एक ही प्रखंड! खगड़िया के दो डॉ. संजीव कुमार ने भरा MLC का पर्चा; एक पटना तो दूसरे कोसी से आजमा रहे किस्मत
Bihar MLC Election 2026: खगड़िया के परबत्ता प्रखंड से एक ही नाम के दो डॉ. संजीव कुमार ने बिहार विधान ...और पढ़ें

Bihar MLC Election 2026: डॉ संजीव कुमार।
HighLights
परबत्ता से एक ही नाम के दो डॉ. संजीव कुमार ने नामांकन किया।
एक पटना शिक्षक, दूसरे कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार।
दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह, सघन संपर्क अभियान शुरू।
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद (एमएलसी) की आठ सीटों के लिए जारी निर्वाचन प्रक्रिया के बीच खगड़िया जिले के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में एक बेहद दिलचस्प और अनूठा सियासी संयोग देखने को मिला है।
परबत्ता प्रखंड से ताल्लुक रखने वाले एक ही नाम के दो व्यक्तियों ने दो अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों से अपनी दावेदारी पेश करते हुए विधिवत नामांकन पत्र दाखिल किया है। परबत्ता के पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार जहां पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनावी अखाड़े में उतरे हैं।
परबत्ता प्रखंड के सलारपुर गांव निवासी डॉ. संजीव कुमार (पोद्दार) ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पर्चा दाखिल किया है। एक ही क्षेत्र से दो हमनाम (एक ही नाम वाले) नेताओं के विधान परिषद चुनाव में उतरने से परबत्ता समेत पूरे जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
राजद के टिकट पर पटना शिक्षक से उतरे पूर्व विधायक डॉ. संजीव
परबत्ता विधानसभा क्षेत्र का पूर्व में प्रतिनिधित्व कर चुके डॉ. संजीव कुमार ने इस बार शिक्षक राजनीति की ओर रुख किया है। उन्होंने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से महागठबंधन के तहत राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर पटना प्रमंडलीय आयुक्त के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके नामांकन के दौरान पटना में बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एक नजर में: परबत्ता के दोनों प्रत्याशियों का ब्योरा
प्रत्याशी 1: डॉ. संजीव कुमार
पृष्ठभूमि: परबत्ता विधानसभा के पूर्व विधायक।
सीट: पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र।
दल: राष्ट्रीय जनता दल (राजद)।
नामांकन स्थल: पटना प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय।
प्रत्याशी 2: डॉ. संजीव कुमार (पोद्दार)
पृष्ठभूमि: सलारपुर, प्रखंड- परबत्ता (खगड़िया) निवासी।
सीट: कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र।
दल: निर्दलीय (दूसरी बार इस सीट से दावेदारी)।
नामांकन स्थल: पूर्णिया प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय।
कोसी स्नातक से डॉ. संजीव पोद्दार की दूसरी बार निर्दलीय दावेदारी
दूसरी ओर, परबत्ता प्रखंड अंतर्गत सलारपुर निवासी डॉ. संजीव कुमार पोद्दार ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी किस्मत आजमाई है। पूर्णिया आयुक्त कार्यालय में उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उल्लेखनीय है कि डॉ. संजीव कुमार पोद्दार लगातार दूसरी बार कोसी स्नातक सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में ताल ठोक रहे हैं।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पटना से लेकर पूर्णिया और परबत्ता तक दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनावी रणभेरी बजने के साथ ही अब दोनों प्रत्याशियों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं से सघन संपर्क और समर्थन जुटाने की कवायद तेज कर दी है।
