Katihar Crime: कटिहार पुलिस लाइन में तैनात महिला सिपाही की हत्या, अपराधी ने गर्दन के पास मारीं दो गोलियां
मुंगेर जिले के जमालपुर की रहने वाली प्रभा भारती कटिहार पुलिस लाइन में पदस्थापित थी। कोढ़ा क्षेत्र की भटवारा पंचायत भवन के समीप वारदात के अंजाम दिया गया है। जानकारी के अनुसार हत्यारे ने गर्दन के पास दो गोली मारी हैं।
संवाद सूत्र, गेड़ाबाड़ी (कटिहार)। कटिहार जिले में अपराधियों ने महिला सिपाही प्रभा भारती (22) की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रभा मुंगेर जिले के जमालपुर की रहने वाली थी। वह कटिहार पुलिस लाइन में पदस्थापित थी। बुधवार को जमालपुर से कटिहार आने के क्रम में कोढ़ा क्षेत्र की भटवारा पंचायत के पास एनएच 81 पर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रभा का कटिहार जिले के ही फलका स्थित मोरसंडा गांव निवासी मु. छोटे के साथ एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले ही ब्रेकअप होने के बाद से मु. छोटे उसे परेशान कर रहा था। प्रभा ने महिला थाने में मौखिक शिकायत भी की थी। इसके बाद पुलिस दो बार छोटे के घर पर भी गई थी। स्वजन को संदेह है कि पूर्व प्रेमी ने ही हत्या की है।
कटिहार के एसपी जितेंद्र कुमार का कहना है कि हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, हत्यारे ने प्रभा की गर्दन के पास दो गोलियां मारी हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि दो-तीन गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी।
घटनास्थल पर पहुंचने पर युवती को खून से लथपथ देखा। इसकी सूचना मिलते ही कोढ़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। घटनास्थल से खोखा व गोली बरामद हुई है। जमालपुर से प्रभा किसके साथ और किस वाहन से आ रही थी, इस संबंध में स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है।
प्रभा भारती जमालपुर के फरीदपुर ओपी क्षेत्र के दास टोली निवासी प्रधानाध्यापक मनोज दास की छोटी बेटी थी। जमालपुर पुलिस के अनुसार, प्रभा के स्वजन ने बताया कि उसका एक लड़के से प्रेम प्रसंग था। कुछ दिन पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। स्वजन ने संदेह जताया है कि उसी ने प्रभा की हत्या की होगी।
मोरसंडा के ग्रामीणों के अनुसार छोटे दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता था। करीब दो साल पहले ही वह गांव लौटा था। इसके बाद से वह घर पर ही रहा है। इसी दौरान प्रभा से उसकी नजदीकियां बढ़ी थीं। कोढ़ा थाना अध्यक्ष रुपक रंजन सिंह ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रभा के स्वजन के पहुंचने के बाद ही कुछ और जानकारी मिल सकती है।