सीएबी बिल पर फूटा विपक्षियों का गुस्सा, प्रधानमंत्री व गृहमंत्री का फूंका पुतला
कटिहार। सीएबी व एनआरसी बिल को लेकर गुरुवार को विपक्षी सड़क पर उतर गए। विपक्षियों ने प
कटिहार। सीएबी व एनआरसी बिल को लेकर गुरुवार को विपक्षी सड़क पर उतर गए। विपक्षियों ने प्रधानमंत्री व गृहमंत्री का पुतला दहन किया। गुरुवार को कई पार्टियों ने शहर के शहीद चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका। जिला राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष तारकेश्वर ठाकुर के नेतृत्व में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा एनआरसी एवं सीएबी कानून को काला कानून बताते हुए जोरदार विरोध जताया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नागरिक संशोधन बिल देश के इतिहास में काला धब्बा है। इस बिल के लागू होने से भारतीय संविधान के मूल भावनाओं का उल्लंघन एवं लोकतंत्र की हत्या है। राष्ट्रीय जनता दल इस कानून का पुरजोर विरोध करती है। पूर्व राज्यमंत्री डा. रामप्रकाश महतो ने भी इस बिल को लेकर केन्द्र सरकार की जमकर आलोचना की गई। राजद नेता समरेंद्र कुणाल ने कहा कि नागरिक संशोधन बिल एवं एनआरसी जैसे मुद्दे से देश की एकता व अखंडता के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, संस्थाओं का निजीकरण, भ्रष्टाचारियों का संरक्षण, आर्थिक बदहाली, महंगाई, शिक्षा में अराजकता के खिलाफ उठ रही जनता की आवाज को दबाने के लिए प्रायोजित तरीके से नागरिक संशोधन विधेयक जैसे मुद्दे को दोनों सदनों में पास कराया गया है। इस मौके पर प्रदेश महासचिव शिव प्रकाश महतो, नगर अध्यक्ष बच्चू भट्टाचार्य, क्यूम अंसारी, सुदामा प्रसाद सिंह, नगर निकाय के प्रदेश महासचिव मनोहर प्रसाद यादव, युवा राजद जिलाध्यक्ष राजेश यादव, मु. वाहिद आलम, राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव, इकरश अंसारी, कृत्यानंद महतो, श्याम लाल यादव, मोहर्रम खान आदि मौजूद थे।
वहीं जाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के आह्वान पर जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में नागरिक संशोधन बिल एवं सीएबी के खिलाफ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। मौके पर उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सीएबी बिल वापस लो, सरकार की मनमानी नहीं चलेगी जैसे सरकार विरोधी नारे लगाए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में देश की सरकार ऐसे लोगों के हाथ में जिन्हें जनता की समस्या से कोई मतलब नहीं है। उनके द्वारा देश को तोड़ा जा रहा है। भारत धर्मनिरपेक्ष देश है। कुछ लोगों द्वारा इन्हें तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार के इस मनमाने रवैये को लेकर आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इस मौके पर नैयर मसूद खान, विद्यानंद भगत, विभूति सिंह, प्रो. सुनील भारती, अरुण सिंह, तेज नारायण सिंह, तौसिफ अख्तर, सज्जाद आलम, सुनील राय, अखिलेश प्रसाद, कासीब खान आदि मौजूद थे।
उधर भीम आर्मी एकता मिशन द्वारा सीएबी व एनआरसी बिल के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला गया। यह आक्रोश मार्च शहर के विभिन्न रास्तों से गुजरकर शहीद चौक पहुंच सभा में तब्दील हो गई। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष उत्तम पासवान ने कहा कि अगर सरकार एनआरसी बिल को वापस नहीं लेती है तो भीम आर्मी द्वारा पूरे देश में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन में भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन की टीम पूरे जोरदार ढंग से भाग लेगी। इस मौके पर इम्तियाज हैदर, मु. इकबाल शेख, नसरूल अंसारी, मु. आसिफ, मु. चिराग, जमील खान, फैजल खान, प्रभू उरांव, इमरान, मेजर आलम, अकरम खान, जय पासवान, फिरोज, मु. शहनवाज आदि मौजूद थे।