कटिहार में भाषण के दौरान पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की बिगड़ी तबीयत, मंच पर आया चक्कर
Purnia MP Pappu Yadav Health: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की कटिहार के पोठिया दुर्गा मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा ...और पढ़ें
-1792580435578_m.webp)
Purnia MP Pappu Yadav Health: कटिहार में पप्पू यादव बीमार।
HighLights
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की कटिहार में तबीयत बिगड़ी।
पोठिया दुर्गा पूजा कार्यक्रम में संबोधन के दौरान चक्कर आया।
प्राथमिक उपचार के बाद सांसद अगले गंतव्य के लिए रवाना।
संवाद सूत्र, पोठिया (कटिहार)। Purnia MP Pappu Yadav Health: कटिहार जिले के फलका प्रखंड अंतर्गत पोठिया दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा व सांस्कृतिक महोत्सव के दौरान पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
मंच पर माइक से जनसमूह को संबोधित करने के दौरान उन्हें अचानक तेज चक्कर आ गया, जिससे वे मंच पर ही लड़खड़ा गए। सांसद की तबीयत एकाएक नासाज होते ही मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं, आयोजकों और भारी संख्या में उपस्थित समर्थकों के बीच अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पूजा-अर्चना व उद्घाटन के बाद कर रहे थे संबोधित
मिली जानकारी के अनुसार, सांसद पप्पू यादव पोठिया दुर्गा पूजा मेला समिति के विशेष निमंत्रण पर आयोजित भव्य धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। मंदिर परिसर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले पूरे विधि-विधान से मां दुर्गा के दरबार में मत्था टेका, पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का औपचारिक उद्घाटन किया।
उद्घाटन सत्र के बाद जैसे ही वे मंच पर उपस्थित विशाल जनसमूह और श्रद्धालुओं को संबोधित करने लगे, इसी दौरान अचानक उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया और उन्हें तेज चक्कर आने लगा।
समर्थकों ने तुरंत संभाला, पानी के छींटे मारकर दी राहत
सांसद को मंच पर अस्वस्थ और असहज महसूस करते देख मंच पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों, स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत तत्परता दिखाई। उन्हें सहारा देकर पास रखी कुर्सी पर बैठाया गया। घबराहट और चक्कर की शिकायत पर कार्यकर्ताओं ने आनन-फानन में उनके चेहरे पर ठंडे पानी के छींटे मारे और हवा की व्यवस्था की।
कुछ समय तक मंच पर ही प्राथमिक देखभाल और विश्राम करने के बाद उनकी शारीरिक स्थिति में हल्का सुधार हुआ। तबीयत थोड़ी सामान्य होने के बाद वे अपने सुरक्षा घेरे में वाहन की ओर बढ़े और वहां से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
सांसद की सेहत को लेकर चिंतित दिखे कार्यकर्ता
अचानक मंच पर सांसद की तबीयत बिगड़ने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सैकड़ों लोग और दूर-दराज के समर्थक उनकी सेहत को लेकर बेहद चिंतित नजर आए।
समर्थकों का कहना था कि अत्यधिक भागदौड़, लगातार यात्रा और शारदीय नवरात्र के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों के व्यस्त कार्यक्रमों के कारण अत्यधिक शारीरिक थकान और थकावट की वजह से अचानक उनका रक्तचाप अथवा स्वास्थ्य प्रभावित हुआ। सांसद के सुरक्षित रवाना होने के बाद ही आयोजकों व कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली।
