Move to Jagran APP

धूमधाम से मनाई गई विजयादशमी

पूजा। दुर्गा पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। शुक्रवार को विजयादशमी का त्य

By JagranEdited By: Published: Sat, 16 Oct 2021 08:14 PM (IST)Updated: Sat, 16 Oct 2021 08:14 PM (IST)
धूमधाम से मनाई गई विजयादशमी
धूमधाम से मनाई गई विजयादशमी

पूजा। दुर्गा पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। शुक्रवार को विजयादशमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मंदिरों एवं पूजा पंडालों में मां की दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। परिवार सहित लोगों ने मां के दर्शन किए एवं अपनी श्रद्धा निवेदित की। विजयादशमी संपन्न होने के साथ ही मां की प्रतिमा का विसर्जन भी किया जाने लगा। आयोजन एवं श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी। प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया था।

loksabha election banner

सालमारी के अनुसार आजमनगर प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। बड़ी दुर्गा मंदिर, छोटी दुर्गा मंदिर, केसरी चौक स्थित पूजा पंडाल, खुरियाल दुर्गा मंदि, बंगाली टोला दुर्गा मंदि, सालमारी दुर्गा मंदिर सहित कई जगहों पर नवमी व दशमी की पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। कई जगहों पर मेले का भी आयोजन किया गया था। पूजा को लेकर लोगों में काफी उत्साह का माहौल था। वही पूजा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर थानाध्यक्ष मानुतोष कुमार, बीडीओ सुनील कुमार मिश्रा, अंचलाधिकारी संजय कुमार, सालमारी ओपी अध्यक्ष विजय कुमार पूरी तरह से मुस्तैद रहे।

--------------------

मनिहारी के अनुसार दुर्गापूजा को लेकर मनिहारी क्षेत्र में चहल पहल रही। शुक्रवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिरों व पूजा पंडालों में मां के दर्शन किए एवं आशीर्वाद लिया। वही प्रशासनिक स्तर पर विधि व्यवस्था व सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था दिखी। एसडीओ कुमार सिद्धार्थ, एसडीपीओ मनोज कुमार, डीसीएलआर रविकांत सिन्हा, थानाध्यक्ष रंजन कुमार, बीडीओ रणधीर कुमार, सीओ राजेश रंजन लगातार विधि व्यवस्था का जायजा लेते रहे। शुक्रवार को क्षेत्र में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन नम आंखों से श्रद्धा पूर्वक किया गया। कुछ जगहों पर रविवार को प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। प्रशासन की ओर से इस बार गंगा नदी में प्रतिमा के विसर्जन पर सख्त पाबंदी लगाई गई है। गंगा नदी के आसपास ही प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर पंचायत मनिहारी में तालाब व रोशनी का प्रबंध किया गया है। शुक्रवार को नगर के सार्वजनिक दुर्गा मंदिर मनिहारी बाजार व शिवशक्ति पीठ में स्थापित प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

कुरसेला के अनुसार नवरात्र के नौ दिनों तक पूजा-पाठ से कुरसेला परिक्षेत्र में माहौल पूरी तरह से भक्तिमय बना रहा। महानवमी एवं विजयादशमी के मौके पर विभिन्न दुर्गा मंदिरों में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। वैष्णो देवी दुर्गा मंदिर, कुर्सेला चौक बाजार स्थित दुर्गा मंदिर, रेलवे स्टेशन स्थित दुर्गा मंदिर तथा पीडब्लूडी मैदान में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी। नवमी पर कई लोगों ने अपने-अपने घरों पर कुंवारी कन्याओं को भोजन कराया। नवरात्र के समापन पर देर शाम गंगा नदी में कलश तथा प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

जय माता दी भंडारा समिति के द्वारा महा प्रसाद का आयोजन किया गया।

वही विजयादशमी के अवसर पर मिलन समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, विधायक विजय सिंह का स्वागत किया गया। मंदिर के कार्यकर्ता द्वारा शाल तथा बुके प्रदान किया गया। इस मौके पर उप-मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने कहा कि 2005 के पहले और आज के बिहार में काफी अंतर आया है। उस समय बिहार विकास के दौर में काफी पीछे छूट गया था। 2005 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व के बाद एनडीए के बिहार में विकास का काफी काम हुआ है। नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में बिहार निरंतर विकास कर रहा है। कहा लंका में रावण परिवार की जो हालत थी, वही हालात आज लालू के परिवार में दिखने लगा है। पूरी ताकत से जैसे प्रभु श्री राम ने अपने सभी भाइयों के साथ मिलकर अयोध्या में सेवा संकल्प लिया था, वहीं आज एनडीए के चारों भाई मिलकर बिहार का विकास कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रावण यानि महागठबंधन का अहंकार ही नाश का कारण बना तथा एनडीए की जनता की सेवा भावना तथा प्रगति करना जीत का कारण बना। इसलिए राजद से दूरी बनाए और भाजपा के श्रीराम जैसे परिवार को अपनाएं।

हसनगंज के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल में विजयादशमी का त्योहार संपन्न हो गया। शनिवार के अहले सुबह श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। पूजा समिति सहित श्रद्धालुओं ने गाजे बाजे के साथ जयकारा लगाते हुए माता की प्रतिमा का विसर्जन किया। विसर्जन के दौरान मां के दर्शन के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। खासकर इस दौरान महिलाओं ने परंपरागत तरीके से गीत गाकर व सिदूर लगाकर माता को विदाई दी।

कदवा के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में हर्षोल्लास पूर्वक दुर्गापूजा मनाई गई। क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना एवं प्रतिमा दर्शन करने वालों की भीड़ लगी रही। प्रखंड के श्यामगढ़ हाट सोनैली, अधीन लाल साह , स्टेशन, कुम्हरी, सागरथ, नंदनपुर, भेलागंज, कुरुम, कुसहा सहित अन्य जगहों पर स्थित दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस अवसर पर मेले का भी लोगों ने आनंद उठाया द्य श्यामगढ़ हाट दुर्गा मंदिर में अधिक भीड़ देखी गई। अष्टमी एवं नवमी को श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। सभी जगहों पर मेले में सुरक्षा हेतु दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बीडीओ जुल्फेकार आदिल, थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह, बलिया बेलोन थानाध्यक्ष राज कुमार चौधरी घूम घूम कर पूजा स्थल एवं मेले का जायजा लेते रहे।

बलरामपुर के अनुसार प्रखंड सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। क्षेत्र के लोगों ने इस बार दुर्गा पूजा का जमकर आनंद लिया। प्रखंड के बलरामपुर बाजार, आदमपुर, बालूगंज, मल्लिकपुर, पचरा, पश्चिम बंगाल के टुंगीदिघी, दालकोला, करणदिघी आदि जगहों पर धूम धाम से नवरात्रि महोत्सव मनाया गया। लोगों में दुर्गापूजा को लेकर काफी उत्साह देखा गया। अष्टमी पूजा से लेकर दशमी के दिन तक सभी मंदिरों में पूजा के दौरान काफी भीड़ देखी गई। क्षेत्र के अधिकांश स्थानों में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन शनिवार को ही कर दिया गया। वहीं कुछ स्थानों में प्रतिमा का विसर्जन रविवार को किया जाएगा। इस दौरान बीडीओ शशिम सौरभ मणि, अंचलाधिकारी उदयकांत मिश्र, बलरामपुर थानाध्यक्ष रविद्र कुमार एवं तेलता ओपी अध्यक्ष प्रह्लाद कुमार पूजा एवं विसर्जन के दौरान सक्रिय थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.