पूजा पंडालों में भीड़ के बीच कटिहार पुलिस अलर्ट, हार्ट अटैक या इमरजेंसी से निपटने के लिए सीखा सीपीआर देना
कटिहार पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों में आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयारी की ...और पढ़ें

पूजा पंडालों में भीड़ के बीच कटिहार पुलिस अलर्ट
HighLights
कटिहार पुलिस दुर्गा पूजा के लिए पूरी तरह अलर्ट है।
58 पूजा पंडालों में सुरक्षा हेतु पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
आपात स्थिति में सीपीआर देने का विशेष प्रशिक्षण मिला।
संवाद सहयोगी, कटिहार। दुर्गा पूजा को लेकर शहरी क्षेत्र में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट है। शहर के 58 पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण दिया गया।
पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सीपीआर देने की प्रक्रिया की जानकारी
पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के निर्देशानुसार नगर थाना परिसर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरीय पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) सदाम हुसैन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर विशाल आनंद के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सक डॉ. नसरूल बारी ने नगर थाना, यातायात थाना और सहायक थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सीपीआर देने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान डा. बारी ने बताया कि अचानक हृदय गति रुकने जैसी गंभीर स्थिति में समय पर सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसी परिस्थिति में प्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा तत्काल सीपीआर देने से अस्पताल पहुंचने तक मरीज की मदद की जा सकती है।
प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के महत्व से अवगत कराया
उन्होंने पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में सतर्कता बरतने, परिस्थिति की गंभीरता को समझने और जरूरतमंद व्यक्ति को शीघ्र प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के महत्व से अवगत कराया।
दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में किसी व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने या अन्य अप्रत्याशित घटना होने पर पुलिसकर्मियों की भूमिका अहम हो जाती है। सीपीआर का प्रशिक्षण मिलने से पुलिसकर्मियों को ऐसी परिस्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
