मनिहारी पहुंचा गंगा मुंडमाल परिक्रमा पर निकला जत्था, लोग उत्साहित
कटिहार। गंगा को अविरल बनाए रखने को लेकर अतुल्य गंगा संस्था के तहत सेवानिवृत सैन्य अधिकारिय
कटिहार। गंगा को अविरल बनाए रखने को लेकर अतुल्य गंगा संस्था के तहत सेवानिवृत सैन्य अधिकारियों व जवानों का जत्था गंगा मुंडमाल परिक्रमा के तहत मंगलवार को मनिहारी गंगा घाट पहुंचा। इस जत्थे में सेवानिवृत सैन्य अधिकारी, जवान और पर्यावरण व जल के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। टीम में सेवानिवृत कर्नल मनोज केश्वर, लेफ्टिनेंट कर्नल हेम लोहमी व सेना में इंजीनियरिग कोर से सेवानिवृत्त सह पर्वतारोही गोपाल शर्मा सहित कई लोग शामिल हैं। गंगा मुंडमाल परिक्रमा के तहत मनिहारी पहुंचे गोपाल शर्मा ने बताया कि इस अभियान में पैदल यात्रा में छह लोग शामिल हैं जिसमें अहमदाबाद के किसान हिरेन पटेल, पूना के कर्नल आरपी. पाण्डेय, यूपी के ़फोटो जर्नलिस्ट रोहित उमराव, यूपी के किसान रोहित जाट, दिल्ली की इंदू और देहरादून का छात्र सगुन त्यागी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 1986 में गंगा की परिक्रमा को लेकर प्रेरणा लेकर यह यात्रा शुरु की गई है। कहा कि छह हजार किलोमीटर की परिक्रमा है, जो विश्व की बड़ी परिक्रमा में शामिल होगी। 16 दिसंबर को यह परिक्रमा प्रयागराज से शुरू हुई है जो गंगासागर से समुद्र को पार कर दक्षिणी तट पर आकर पुन: गोमुख ग्लेशियर तक जाएगी। पुन: उतरी तट से प्रयागराज में समाप्त होगी। इस परिक्रमा में गंगा को क्रॉस नहीं किया जाएगा। परिक्रमा के क्रम में विभिन्न स्थानों पर गंगा की वर्तमान स्थिति का आकलन किया जा रहा है। अतुल्य गंगा पॉर्टल पर जानकारी भी यथाशीघ्र उपलब्ध होगी। बताया कि गंगा किनारे बसे लोगों से आवश्यक जानकारी ली जाती है, जिसे गंगा ज्ञान का नाम दिया गया है। इस अभियान में ग्रीन इंडिया फाउंडेशन भी जुट गया है, इसके तहत गंगा के किनारे पीपल, बरगद, नीम सहित अन्य पौधा लगाया जाता है। मनिहारी में भी पौधा लगाया गया। उन्होंने माना कि गंगा के किनारे बिहार में कई जगह हरियाली दिखी। इसे वृक्षमाला का नाम दिया गया है। परिक्रमा के क्रम में पहुंचे लोगों का स्थानीय प्रभात चौधरी, रोशन अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, पप्पु ठाकुर सहित कई लोगों ने जोरदार स्वागत किया।