कटिहार रेलवे स्टेशन से नाबालिग को नौकरी का झांसा देकर ले गया रेलकर्मी, किराए के मकान में किया दुष्कर्म
कटिहार रेलवे स्टेशन पर घर से नाराज होकर पहुंची एक नाबालिग लड़की को लोको पायलट बताने वाले एक रेलकर्मी ने ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, कटिहार। घर से नाराज होकर कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंची नाबालिग को रेलकर्मी ने नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म किया।
आरोपित उसे किराए के मकान में ले गया और अपनी वासना का शिकार बनाने के बाद एक अन्य साथी को भी मौके पर बुला लिया।
किशोरी किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर भाग निकली। 22 सितंबर की इस घटना में बदनामी के डर से सहमी पीड़िता ने रविवार को महिला थाने में शिकायत की है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह कटिहार स्टेशन पर खड़ी थी। तभी एक व्यक्ति ने आकर पूछा कि वह कहां जा रही है। पूर्णिया जाने की बात सुनकर वह व्यक्ति चला गया। कुछ देर बाद दूसरा व्यक्ति आया।
उसने खुद को रेलकर्मी (लोको पायलट) बताया और हमदर्दी जताते हुए नौकरी दिलाने का झांसा दिया। किशोरी के मना करने पर वह बोला कि तुम लड़की हो, खुद कमाकर खा सकती हो।
इसके बाद उसने फोन पर किसी खान सर से उसकी बात कराई और 11 बजे इंटरव्यू के लिए बुलाया। ऑफिस दिखाने के बहाने वह उसे सहायक थाना क्षेत्र के बरमसिया मोहल्ला स्थित अपने किराए के कमरे में ले गया और वहां दरिंदगी की।
पीड़िता के गिड़गिड़ाने पर आरोपित ने धमकी दी कि वह अक्सर लड़कियों को यहां लाता है। इसके बाद उसने अपने एक अन्य साथी को भी वहां बुला लिया, लेकिन इसी बीच मौका पाकर किशोरी वहां से भाग निकली।
सड़क पर बदहवास भाग रही किशोरी ने एक राहगीर किशोर को आपबीती बताई। तभी दोनों आरोपित बाइक से वहां पहुंच गए, लेकिन किशोर के विरोध करने पर वे भाग निकले।
फुटेज में दिखी किशोरी
मुख्य सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी किशोरी के भागकर आने की फुटेज सामने आई है। बाद में पीड़िता ने स्थानीय लोगों की मदद से घटनास्थल की पहचान की, जहां मकान मालकिन ने बताया कि वहां तीन रेलकर्मी किराए पर रहते हैं।
इस गंभीर मामले में सदर एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि पुलिस हर बिंदु की बारीकी से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, महिला थानाध्यक्ष बेबी कुमारी ने कहा कि किशोरी से घटना की विस्तृत जानकारी लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दूसरी ओर, रेल थानाध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि फिलहाल यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
