'मंडल कमीशन को दबाने वालों की गोद में जा बैठे लालू यादव', आरक्षण को लेकर RJD सुप्रीमो पर जमकर बरसे अमित शाह
बिहार में दूसरे चरण के चुनाव के लिए कटिहार पहुंचे अमित शाह ने कांग्रेस और राजद पर जमकर हमला बोला। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने मंडल कमीशन और कालेलकर समिति की रिपोर्ट दबा दी थी। आज लालू प्रसाद और उनके बेटे कांग्रेस की गोद में जा बैठे हैं। युवाओं को संबोधित कर शाह ने स्पष्ट करने का प्रयास किया कि वह केंद्र सरकार की प्राथमिकता में है।
नीरज कुमार, कटिहार। बिहार में दूसरे चरण के चुनाव के लिए रविवार को कटिहार में सभा को संबोधित करने पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने मंडल कमीशन व कालेलकर समिति की रिपोर्ट (पिछड़ों के आरक्षण से संबंधित) दबा दी थी। आज लालू प्रसाद और उनके बेटे कांग्रेस की गोद में जा बैठे हैं।
शाह ने कहा कि भाजपा ने पिछड़े वर्ग से आने वाले एक चाय बेचने वाले को देश का प्रधानमंत्री बनाया है। सरकार में 33 प्रतिशित अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाले मंत्री हैं। भारत माता की जय के साथ शाह ने जैसे ही अपना संबोधन शुरू किया,
सभा में मौजूद युवाओं का देख अमित शाह ने कहा,
देश के युवा मेरे जिगर के टुकड़े हैं।
युवा मोदी सरकार की पहली प्राथमिकता
युवाओं को संबोधित कर शाह ने स्पष्ट करने का प्रयास किया कि वह केंद्र सरकार की प्राथमिकता में है। दरअसल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपनी हर सभा में युवाओं को रोजगार की बात कह उनका ध्यान आकृष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। यह देश को तय करना है कि प्रधानमंत्री कौन होगा।
हर जगह मोदी-मोदी की गूंज
अमित शाह ने दावा किया कि देश भर का दौरा करने के क्रम में यह देखने को मिला कि सब जगह मोदी नाम की गूंज है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में परिवारवाद की राजनीति पर प्रहार किया है। उन्होंने तुष्टीकरण की नीति खत्म कर दी है।
कटिहार के राजेंद्र स्टेडियम में एनडीए के जदयू प्रत्याशी दुलाल चंद्र गोस्वामी के समर्थन में हुई चुनावी सभा में अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे।
नीतीश ने अपने संबोधन में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा की। छात्र-छात्राओं के साइकिल योजना का लाभ और पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही।
गरीबों के लिए काम कर रही मोदी सरकार
शाह ने कहा कि राजद और कांग्रेस गरीबी हटाने का बात कहती है, जबकि दोनों ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। केंद्र की मोदी सरकार देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दे रही है।
उज्वला योजना के तहत 10 करोड़ परिवारों को गैस कनेक्शन दिया गया। 14 करोड़ों घरों तक नल का जल पहुंचाया जा रहा है। हर रोज एक लाख मुद्रा लोन दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद लोगों को छत मिल रही है। महिलाओं के लिए नारी शक्ति वंदन सहित अन्य योजनाएं चलाई गई हैं।
खरगे की मानसिकता देश विभाजक
कश्मीर का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि कश्मीर भारत का हिस्सा है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कहते हैं कि कश्मीर से शेष भारत के लोगों को क्या मतलब है। यह देश विभाजक मानसिकता है।
मोदी सरकार ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया, आतंकवाद व नक्सलवाद को कुचला। उरी व पुलवामा अटैक के बाद सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को मारा। देश को सुरक्षित किया।
जंगलराज में पिछड़ों पर हुए अत्याचार
शाह ने कहा कि कांग्रेस और राजद ने बिहार को फिर लालटेन युग में पहुंचाने के लिए गठबंधन किया है। शाह ने कटिहार में फोरलेन, गंगा नदी पर पुल, आरओबी निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की चर्चा की।
उन्होंने कहा कि लालू और राबड़ी के शासन को याद कीजिए, जंगलराज में पिछड़े वर्ग के लोगों पर अत्याचार हुए। राजद के लालटेन व कांग्रेस के पंजे के साथ जाएंगे तो दंगा व अत्याचार मिलेगा।
विकसित भारत और विकसित बिहार बनाएंगे
शाह ने दावा किया कि एनडीए की सरकार बनाएंगे तो विकसित देश और बिहार बनेगा। नरेंद्र मोदी सरकार पिछले 10 वर्षों में बिहार को नौ लाख 20 हजार करोड़ दिया, जबकि इसके पूर्व कांग्रेस की सरकर ने दो लाख करोड़ से कुछ अधिक विकास कार्यों के लिए दिया था।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के बच्चों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में आरक्षण देने का दायरा बढ़ाया। सभा को राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी, लेशी सिंह ने भी संबोधित किया।
यह भी पढ़ें: Bihar Politics: सीमांचल साधने बिहार आएंगे पीएम मोदी, 80 बनाम 20 को साधने में कितने होंगे कामयाब?