कटिहार में स्मैक के नशे में ली थी दोस्त की जान, दरवाजे पर माफी मांगने पहुंचे कातिल को परिजनों ने बांधकर पीटा
फलका थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय मो. दिलशाद हत्याकांड में नाटकीय मोड़ आया, जब मुख्य आरोपी कुंदन कुमार ने पीड़ित परिवार के सामने आकर अपना गुनाह कबूल किया।
HighLights
दिलशाद हत्याकांड में मुख्य आरोपी कुंदन ने गुनाह कबूला।
नशे में हुई हत्या के बाद परिजनों ने आरोपी को पकड़ा।
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, एक फरार।
तौफीक आलम, फलका (कटिहार)। जिले के फलका थाना क्षेत्र के ढंगराहा बहियार नहर से बरामद 14 वर्षीय मो. दिलशाद हत्याकांड में शुक्रवार को एक सनसनीखेज और नाटकीय मोड़ सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिलशाद का हत्यारा खुद पीड़ित परिवार के दरवाजे पर पहुंच गया और हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा- "दोस्त, मुझसे जो गलती हुई है मुझे माफ कर देना।"
आरोपी की यह बात सुनते ही परिजन सन्न रह गए। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को रस्सी से बांध दिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
सड़क मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन
घटना के विरोध में और अन्य आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग को लेकर उग्र ग्रामीणों ने महेशपुर के समीप कुर्सेला-फारबिसगंज मुख्य सड़क मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रह्लाद कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा-बुझाकर व निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर आवागमन बहाल कराया।
स्मैक और गांजे के नशे में ली थी जान
पकड़े गए आरोपी की पहचान गोविंदपुर निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ और परिजनों के सामने उसने हत्या का खौफनाक सच बयां किया। कुंदन ने कबूल किया कि इस हत्याकांड में उसके साथ गांव के ही दो अन्य साथी— उज्ज्वल कुमार और छोटू कुमार भी शामिल थे।
उसने बताया कि वारदात के दिन चारों ने मिलकर पहले चार पुड़िया स्मैक और दो पुड़िया गांजा पिया। नशे के सुरूर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और तीनों दोस्तों ने मिलकर दिलशाद की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, फिर शव को साक्ष्य छिपाने के लिए नहर में फेंक दिया था।
मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसकी निशानदेही पर फरार दोनों आरोपियों उज्ज्वल और छोटू की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। उज्ज्वल को भी फलका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद गोविंदपुर गांव के लोग कुंदन को पागल बता रहे हैं। इसको को लेकर महेशपुर और गोविंदपुर गांव के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पीड़ित पक्ष के आवेदन पर तीन लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। जिसमें दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है,तीसरे की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। स्थित सामान्य है।- प्रहलाद कुमार यादव,थानाध्यक्ष फलका,कटिहार
यह भी पढ़ें- कटिहार में आधी रात हथियारबंद बदमाशों का उत्पात, घर में घुसकर बहू को मारी गोली
