कटिहार में आधी रात हथियारबंद बदमाशों का उत्पात, घर में घुसकर बहू को मारी गोली
कटिहार के फलका थाना क्षेत्र में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर 25 वर्षीय नीतू कुमारी को ...और पढ़ें

HighLights
हथियारबंद बदमाशों ने फलका में घर में घुसकर महिला को गोली मारी।
गोली लगने से गंभीर घायल महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया।
पुलिस भूमि विवाद के एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, फलका (कटिहार)। फलका थाना क्षेत्र के महेशपुर नहर समीप बुधवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर पर धावा बोलकर 25 वर्षीय महिला नीतू कुमारी को गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगी। गंभीर रूप से जख्मी नीतू को स्वजन ने आनन-फानन में सीएचसी फलका पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
बुजुर्ग दंपती को हथियार के बल पर बनाया बंधक
गृहस्वामी 79 वर्षीय नेपाली साह के अनुसार, वह अपनी पत्नी के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनका बेटा और बहू नीतू कमरे के अंदर थे। देर रात छह-सात की संख्या में हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए।
आरोप है कि तीन बदमाशों ने उन्हें और उनकी पत्नी को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद अन्य बदमाशों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर दो राउंड फायरिंग की। इसमें नीतू को गोली लग गई।
भूमि विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 सुनील शर्मा और प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गृहस्वामी ने गांव के कुछ लोगों के साथ पूर्व से भूमि विवाद होने की बात पुलिस को बताई है। इसी विवाद को घटना का कारण बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद बदमाशों में से एक की बाइक मौके पर छूट गई। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
