पिता से पैसे ऐंठने के लिए बेटे ने रची खुद के अपहरण की साजिश, चाचा को मैसेज कर मांगे 10 लाख
फलका थाना क्षेत्र से लापता 15 वर्षीय किशोर को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि ...और पढ़ें

पिता से पैसे ऐंठने के लिए किशोर ने रची खुद के अपहरण की साजिश, पुलिस ने किया खुलासा (AI Generated Image)
HighLights
फलका से लापता 15 वर्षीय किशोर को पुलिस ने सकुशल बरामद किया।
किशोर ने अपने पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
जांच में पता चला कि किशोर ने खुद ही अपहरण का नाटक किया।
संवाद सूत्र, फलका (कटिहार)। फलका थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता 15 वर्षीय किशोर को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। किशोर के लापता होने के बाद उसके स्वजन से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस ने किशोर को उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल के साथ बरामद किया।
एसडीपीओ टू कोढ़ा सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि 23 सितंबर को फलका थानाध्यक्ष को सूचना दी कि उनका 15 वर्षीय पुत्र 22 सितंबर को करीब तीन बजे मोटरसाइकिल और मोबाइल लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
इसके बाद उसके मोबाइल नंबर से उसके चाचा के मोबाइल पर संदेश भेजकर 10 लाख रुपये की मांग की गई और तत्काल पांच हजार रुपये भेजने को कहा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए किशोर को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह अपने पिता से पैसे लेने के उद्देश्य से खुद ही स्वजन से छिप गया था। स्वजन को गुमराह करने के लिए वह अपने मोबाइल से चाचा के नंबर पर काल और मैसेज कर पैसों की मांग कर रहा था।
घटना की वास्तविकता सामने आने के बाद किशोर के पिता और स्वजन ने उसकी नादानी को क्षमा करते हुए कानूनी कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध करते हुए लिखित आवेदन दिया। इसके बाद पुलिस ने किशोर को विधिवत उसके स्वजन को सुपुर्द कर दिया।
