विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार में आधी रात एसिड अटैक से दहली 12 साल की बच्ची; खिड़की से फेंका तेजाब, बचाने में पिता व बहन भी झुलसे

Published: Tue, 22 Sep 2026 11:51 PM (IST)

Katihar Salmari Acid Attack: कटिहार के सालमारी में एक 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा पर खिड़की से तेजाब फेंका गया, जिससे ...और पढ़ें

Katihar Salmari Acid Attack: सालमारी में आधी रात सो रही 12 वर्षीय बच्ची पर खिड़की से फेंका एसिड

Katihar Salmari Acid Attack: सालमारी में आधी रात सो रही 12 वर्षीय बच्ची पर खिड़की से फेंका एसिड

HighLights

  1. सालमारी में 12 वर्षीय बच्ची पर खिड़की से तेजाब फेंका।

  2. बच्ची को बचाने के दौरान पिता और बहन भी झुलसे।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जांच जारी।

संवाद सूत्र, सालमारी (कटिहार)। Katihar Salmari Acid Attack:  कटिहार जिले के सालमारी थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। फूस के घर में परिजनों के साथ गहरी नींद में सो रही एक 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा पर अज्ञात हमलावर ने खिड़की के रास्ते कथित रूप से एसिड (तेजाब) फेंक दिया।

इस कायराना हमले में बच्ची की पीठ और गर्दन का पिछला हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। चीख-पुकार सुनकर जब पिता मासूम को संभालने पहुंचे, तो उनके हाथ में भी तेज जलन होने लगी और वे भी झुलस गए। वहीं, पास में ही सो रही बच्ची की विवाहित बहन के हाथ पर भी एसिड के छींटे पड़ने से जलन और फफोले पड़ गए।

आनन-फानन में परिजन बच्ची और पिता को लेकर बारसोई अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कर्मचंद ने बताया कि तेजाब से बच्ची करीब 9 प्रतिशत और पिता लगभग 6 प्रतिशत झुलसे हैं। दोनों का सघन उपचार जारी है।

आधी रात को गूंजी मासूम की चीख, घर में मची अफरा-तफरी

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे खाना खाकर परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। मध्य रात्रि करीब 12:30 बजे अचानक कमरे में सो रही बच्ची की तेज चीख सुनाई दी। घबराए पिता जब कमरे में दौड़े तो देखा कि बच्ची दर्द से तड़प रही थी और उसके शरीर व कपड़ों पर कोई तीखा तरल पदार्थ पड़ा हुआ था। उसे गोद में उठाते ही पिता की हथेलियों में भी असहनीय जलन शुरू हो गई।

घटना एक नजर में: सालमारी एसिड अटैक मामला

  • घटनास्थल: सालमारी थाना क्षेत्र (कटिहार) स्थित एक गांव, फूस का घर।

  • वारदात का समय: सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे।

  • पीड़िता: 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा (करीब 9% झुलसी; पीठ और गर्दन पर गहरे घाव)।

  • अन्य प्रभावित: विवाहित बहन (हाथ पर छींटे पड़े) और पिता (बचाने के दौरान हाथ 6% झुलसा)।

  • अस्पताल: बारसोई अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार व भर्ती (डॉ. कर्मचंद द्वारा पुष्टि)।

  • भौतिक साक्ष्य: जमीन से 8 फीट ऊंची खिड़की (खांथी से 4 फीट ऊंचाई), शीशे की 2 खाली बोतलें, पैरों के निशान और केमिकल के नमूने।

  • कानूनी कार्रवाई: सालमारी थाने में एसिड अटैक की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज; FSL टीम द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित।

अस्पताल में भर्ती पिता ने किसी से भी पूर्व रंजिश होने से साफ इनकार किया है। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वहीं, ग्रामीणों में यह चर्चा भी है कि बच्ची की विवाहित बहन घटना से महज दो दिन पहले ही मायके आई थी, इसलिए आशंका यह भी जताई जा रही है कि निशाना कोई और था और चपेट में मासूम बच्ची आ गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह केवल स्थानीय स्तर पर चल रही बातें हैं और वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

आठ फीट ऊंची खिड़की के नीचे मिला खांथी का सहारा

घटना की सूचना मिलते ही सालमारी पुलिस मौके पर पहुंची और बारीकी से मुआयना किया। जांच में पाया गया कि जिस खिड़की से एसिड फेंका गया है, उसकी जमीन से ऊंचाई लगभग आठ फीट है। हालांकि, खिड़की के ठीक नीचे 'खांथी' (फूस व टाटी के घर को मजबूती देने के लिए जमीन से बनाई गई मिट्टी की मोटी दीवार) बनी हुई है, जहां से खिड़की की ऊंचाई करीब चार फीट रह जाती है।

पुलिस का अनुमान है कि हमलावर ने इसी खांथी पर पैर रखकर खिड़की तक हाथ पहुंचाया और तरल फेंका। खांथी पर किसी के पैर रखने के निशान भी मिले हैं। इसके अलावा घटनास्थल के पास से शीशे की दो खाली बोतलें बरामद की गई हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि हमलावर पहले से तैयारी करके आया था।

एफएसएल ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

वारदात की वैज्ञानिक पड़ताल के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा किया। टीम ने पीड़िता के झुलसे हुए कपड़े, चौकी की चादर, खिड़की के पास गिरी मिट्टी, शीशे की दोनों खाली बोतलें और पैरों के निशान के नमूने एकत्र किए हैं। इस वारदात से पूरे इलाके के लोग सहमे हुए हैं और ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गहरी चिंता जताते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर के जगन्नाथ बाड़ी में मिली दफन लाश! बाहर निकालने में जुटी पुलिस, डॉ. महशरुल कलाम बाबुल की बाउंड्री पर तनाव

"घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। एफएसएल की टीम ने आवश्यक वैज्ञानिक नमूने लिए हैं। मामले में एसिड अटैक से संबंधित सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"

-

कुमारी जुली, थानाध्यक्ष, सालमारी।