विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार में दिनदहाड़े चाकूबाजी, युवक की हत्या; भाई गंभीर रूप से घायल

Published: Sat, 22 Aug 2026 04:23 PM (IST)

पोठिया बाजार के फौजी चौक पर दिनदहाड़े चाकूबाजी में 20 वर्षीय गणेश रविदास की मौत हो गई।

अस्पताल में जुटी लोगों की भीड़। (जागरण)

अस्पताल में जुटी लोगों की भीड़। (जागरण)

HighLights

  1. पोठिया में दिनदहाड़े चाकूबाजी, 20 वर्षीय युवक गणेश रविदास की मौत।

  2. बड़ा भाई त्रिलोक रविदास गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।

  3. पुलिस ने आरोपी सौरव कुमार को चाकू सहित गिरफ्तार किया।

संवाद सूत्र, पोठिया (कटिहार)। पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया बाजार स्थित फौजी चौक के समीप शनिवार को दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना में चाकू लगने से 20 वर्षीय युवक गणेश रविदास की मौत हो गई। जबकि उसका बड़ा भाई त्रिलोक रविदास गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

दोनों पोठिया मंडल चौक स्थित रविदास टोला वार्ड संख्या 14 के निवासी बताए जाते हैं। घटना के बाद मृतक की मां और घायल भाई के अलग-अलग बयान सामने आने से मामले की गुत्थी उलझ गई है।

हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि शनिवार को फौजी चौक के समीप किसी बात को लेकर गणेश रविदास और सौरव कुमार के बीच विवाद हो गया।

KATIHAR CRIME

देखते ही देखते विवाद चाकूबाजी में तब्दील हो गया। आरोप है कि सौरव कुमार ने गणेश पर चाकू से कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बड़े भाई त्रिलोकी रविदास को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया।

आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने गणेश रविदास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, त्रिलोक रविदास का इलाज चल रहा है।

मां ने स्मैक बेचने से मना करने पर हत्या का लगाया आरोप

मृतक की मां सुखो देवी ने आरोप लगाया कि पोठिया निवासी सौरव कुमार स्मैक बेचने का धंधा करता है और वह लगातार उसके पुत्र गणेश रविदास पर स्मैक बेचने का दबाव बना रहा था। गणेश ने स्मैक बेचने से साफ मना कर दिया था।

इसी बात से नाराज होकर आरोपित ने उसके पुत्र पर चाकू से हमला कर दिया। पुत्र को बचाने पहुंचे बड़े बेटे त्रिलोकी रविदास को भी चाकू मारकर जख्मी कर दिया गया। मां के अनुसार घटना के बाद दोनों पुत्रों को फलका अस्पताल ले जाया गया, जहां गणेश की मौत हो गई।

घायल भाई ने खेत में पटवन को लेकर विवाद की बताई वजह

वहीं, घायल त्रिलोक रविदास ने पुलिस को दिए बयान में घटना की वजह कुछ और बताई है। उसके अनुसार शनिवार सुबह करीब नो बजे सौरव कुमार यादव अपने खेत में कद्दू की फसल में पटवन करने के लिए कह रहा था।

KATIHAR CRIME

इसी दौरान गणेश ने काम पर जाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर सौरव ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

भाई को बचाने के लिए गणेश बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपित ने उसे भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

स्मैक के लेन-देन की भी चर्चा

इधर घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच स्मैक के लेन-देन को लेकर विवाद होने की चर्चा भी है। मृतक की मां के आरोप और घायल भाई के बयान में अंतर होने के कारण घटना के वास्तविक कारण को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर आरोपित युवक को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आरोपित युवक को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्यवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें- वैशाली में पार्टी में जाम छलकाते नजर आए चौकीदार, डांसर संग जमकर लगाए ठुमके; VIDEO वायरल