विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किस 'खान' की तलाश में जुटी कटिहार पुलिस? नौकरी के इंटरव्यू के बहाने युवती को किराए के मकान में बुलाया, किया दुष्कर्म

Published: Tue, 29 Sep 2026 12:43 PM (IST)

Katihar Job Rape Case 2026: कटिहार में नौकरी का झांसा देकर एक युवती से किराए के मकान में दुष्कर्म का ...और पढ़ें

Katihar Job Rape Case 2026: इसी मकान में युवती के साथ हुआ था दुष्‍कर्म।

Katihar Job Rape Case 2026: इसी मकान में युवती के साथ हुआ था दुष्‍कर्म।

HighLights

  1. युवती को नौकरी का झांसा देकर किराए के मकान में दुष्कर्म।

  2. पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया, 'खान' की तलाश जारी।

  3. संगठित गिरोह की संलिप्तता की आशंका पर जांच तेज।

संवाद सहयोगी, जागरण, कटिहार। Katihar Job Rape Case 2026: कटिहार शहर में नौकरी का झांसा देकर एक युवती को किराए के मकान में ले जाकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस एक नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के साथ-साथ उस संदिग्ध ‘खान’ नामक व्यक्ति की तलाश में सरगर्मी से जुटी है, जिसने पीड़िता को अगले दिन सुबह 11 बजे नौकरी के इंटरव्यू के बहाने बुलाया था। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर महिला थाने में एक नामजद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश तेज कर दी है।

सोमवार को पुलिस टीम पीड़िता को साथ लेकर सहायक थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ स्थित बरमसिया मोहल्ले के उस किराए के मकान में पहुंची, जहां वारदात को अंजाम दिया गया था। वहां विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और संभावित वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। हालांकि, घटना के करीब छह दिन बाद जांच शुरू होने और आरोपितों द्वारा मकान खाली कर दिए जाने के कारण मौके से कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिल सका। पुलिस सूत्रों का कहना है कि विलंब के चलते साक्ष्य प्रभावित हुए हैं।

स्टेशन पर हुई थी 'खान' से बात, अगले दिन इंटरव्यू का झांसा

पीड़िता के अनुसार, 22 सितंबर को कटिहार रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात हुई थी, जहां किसी ‘खान’ नामक व्यक्ति से उसकी बात कराई गई थी। उक्त व्यक्ति ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देते हुए अगले दिन सुबह 11 बजे इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद उसे रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर बरमसिया स्थित एक किराए के मकान में ले जाया गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया।

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के उपरांत न्यायालय में दंड प्रक्रिया संहिता के तहत उसका बयान दर्ज करा दिया है। युवती के बयानों का मिलान करने के लिए पुलिस ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म और संपर्क मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

दो रेलकर्मियों ने किराए पर लिया था कमरा, गिरोह की आशंका

मामले की पड़ताल के दौरान पुलिस ने संबंधित मकान मालिक से भी लंबी पूछताछ की है। पूछताछ में मकान मालिक ने खुलासा किया कि उक्त कमरा दो रेलकर्मियों द्वारा किराए पर लिया गया था, लेकिन 22 सितंबर की घटना के तुरंत बाद दोनों ने अचानक मकान खाली कर दिया और फरार हो गए।

युवती को स्टेशन से सुनियोजित ढंग से बुलाने और कमरे तक पहुंचाने के घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस इस बिंदु पर भी गंभीरता से जांच कर रही है कि कहीं नौकरी के नाम पर देह व्यापार या शोषण करने वाला कोई संगठित गिरोह तो इस कृत्य में संलिप्त नहीं है। महिला थानाध्यक्ष डेजी कुमारी ने बताया कि एक नामजद अभियुक्त के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले में शामिल अन्य चेहरों की पहचान की जा रही है।

यह भी पढ़ें- कटिहार में विशेष वाहन जांच से नदारद मिले 3 दारोगा व 11 महिला सिपाहियों समेत 22 पुलिसकर्मी; SP पर‍िचय शर्मा ने रोका वेतन

"मामले में गहन अनुसंधान जारी है। पीड़िता के बयान पर एक नामजद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान और उनकी संलिप्तता की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। सुरक्षा और जांच की गोपनीयता को देखते हुए फिलहाल आरोपितों की पहचान उजागर नहीं की जा सकती। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"

-

— परिचय कुमार, एसपी, कटिहार