कटिहार में विशेष वाहन जांच से नदारद मिले 3 दारोगा व 11 महिला सिपाहियों समेत 22 पुलिसकर्मी; SP परिचय शर्मा ने रोका वेतन
Katihar Police : कटिहार में विधि-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के लिए चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान ड्यूटी ...और पढ़ें

Katihar Police : पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआईजी जयकांत ने कुरसेला थाना का निरीक्षण किया
HighLights
विशेष वाहन जांच में 22 पुलिसकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले।
तीन दारोगा और 11 महिला सिपाही भी अनुपस्थित पाए गए।
लापरवाही पर एसपी ने तत्काल वेतन भुगतान रोकने का आदेश दिया।
संवाद सहयोगी, कटिहार। Katihar Police : जिले में विधि-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह सख्त रुख में नजर आ रहा है। शहरी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान में गंभीर लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने कड़ा प्रहार किया है।
ड्यूटी स्थल से नदारद पाए गए तीन पुलिस पदाधिकारियों समेत कुल 22 पुलिसकर्मियों पर अनुशासन का डंडा चलाते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से उनके वेतन भुगतान पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया है। इस सख्त कदम से महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसपी परिचय कुमार ने बताया कि शहरी क्षेत्र में विशेष वाहन जांच के लिए छह प्रमुख स्थलों को चिन्हित कर वहां पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र व लाठी बल के जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। 26 सितंबर को वरीय पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) ने इन जांच प्वाइंट्स पर जवानों की मुस्तैदी और उपस्थिति का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण किया था।
चेकिंग प्वाइंट्स से गायब मिले 3 दारोगा सहित 22 कर्मी
ट्रैफिक डीएसपी के औचक निरीक्षण के दौरान इमली गाछ चौक, सुर तुलसी चौक, दलन चौक और सेमापुर मोड़ सहित अन्य स्थानों पर भारी लापरवाही उजागर हुई। यहां तैनात 22 पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी अपने निर्धारित कर्तव्य स्थल से पूरी तरह अनुपस्थित पाए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सअनि गुलाब चन्द्र मंडल, पुअनि कमल राम और सअनि विनोद कुमार समेत कुल 19 सिपाहियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने (वेतन धारित करने) का सख्त आदेश निर्गत कर दिया।
11 महिला सिपाहियों समेत इन कर्मियों पर गिरी गाज
इस पूरी अनुशासनात्मक कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि गैरहाजिर पाए गए कर्मियों में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या सबसे अधिक रही। कार्रवाई के दायरे में 11 महिला पुलिसकर्मी, आठ पुरुष जवान और तीन पुलिस पदाधिकारी आए हैं।
वेतन रोके जाने वाले पुलिसकर्मियों में कृष्ण नंदन कुमार, आयुष कुमार, प्रेमी कुमारी, ज्योति कुमारी, अभिजित राज, उषा कुमारी, शिवानी कुमारी, राजीव कुमार, भुवनेश्वर कुमार, सिंकी कुमारी, शिम्पी कुमारी, प्रियंका कुमारी, सुमन कुमारी, प्रिति कुमारी, संतोष कुमार, आशा कुमारी राम, संजना कुमारी, प्रिंस कुमार और हरिओम कुमार शामिल हैं।
लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस, सुरक्षा से नहीं होगा समझौता
जिले के पुलिस कप्तान ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि आगामी पर्व-त्योहारों और आम जनमानस की सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कर्मी अपने दायित्वों के प्रति लापरवाह पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई तय है। सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सचेत किया गया है कि वे अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर समय से उपस्थित रहकर मुस्तैदी से वाहन जांच और गश्ती सुनिश्चित करें।
डीआईजी ने कुरसेला थाने का किया औचक निरीक्षण
पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआईजी जयकांत ने शुक्रवार देर शाम कुरसेला सीमा चेक पोस्ट एवं थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित कांडों, मालखाना, हाजत, सीसीटीएनएस व अभिलेखों की गहन पड़ताल की। वर्षों से लंबित मामलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीआईजी ने अनुसंधान में तेजी लाने और समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया।
साथ ही मालखाना में जब्त पड़े पुराने वाहनों को पुलिस मुख्यालय की एसओपी के तहत शीघ्र नीलाम व निष्पादित करने को कहा। उन्होंने बताया कि एनएच-31 के कारण क्षेत्र में चुनौतियां हैं और एनडीपीएस मामलों पर विशेष नजर रखने की जरूरत है। मौके पर एसपी परिचय कुमार, एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर व थानाध्यक्ष राकेश कुमार उपस्थित थे।
