कटिहार: हैदराबाद में हादसे ने छीना परिवार का सहारा, सोनू की लाश देख फफक पड़े बीमार पिता और दिव्यांग भाई
हैदराबाद में निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में कटिहार के 19 वर्षीय सोनू कुमार की मौत हो गई, जिससे ...और पढ़ें
-1791182895287_m.webp)
कुरसेला के नवटोलिया में हैदराबाद से सोनू का शव पहुंचते ही चीत्कार करते परिजन और जुटी ग्रामीणों की भीड़
HighLights
हैदराबाद में निर्माण कार्य के दौरान 19 वर्षीय सोनू की मौत।
सोनू परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, सहारा टूटा।
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की।
संवाद सूत्र, कुरसेला (कटिहार)। गरीबी और लाचारी से जूझ रहे परिवार की किस्मत बदलने के सपने संजोकर परदेस गए एक होनहार बेटे की जिंदगी हैदराबाद में हुए एक दर्दनाक हादसे की भेंट चढ़ गई। हैदराबाद में मकान निर्माण के दौरान काम करते समय सिर पर ईंटें गिरने से जान गंवाने वाले 19 वर्षीय सोनू कुमार का शव सोमवार को जब उसके पैतृक गांव नवटोलिया (उत्तरी मुरादपुर पंचायत) पहुंचा, तो वहां का दृश्य अत्यंत हृदयविदारक हो उठा।
एंबुलेंस से जवान बेटे का शव उतरते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। माता-पिता, दिव्यांग भाई और बहन की हृदय विदारक चीखों से वहां मौजूद हर ग्रामीण की आंखें नम हो गईं।
पिता की बीमारी और बहन की शादी की चिंता में छोड़ा था घर
घर की तंगहाली और आंसुओं ने सोनू को उम्र से पहले ही जिम्मेदारियों के बोझ तले दबा दिया था। पिता उमेश मंडल लंबे समय से असाध्य बीमारी से जूझ रहे हैं, जिसके कारण परिवार की आर्थिक रीढ़ पूरी तरह टूट चुकी थी। घर में एक छोटा भाई दिव्यांग है, जबकि बड़ी बहन की शादी की उम्र हो चुकी है।

घटना एक नजर में
मृतक: सोनू कुमार (उम्र: 19 वर्ष)
पिता: उमेश मंडल (लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार)
गांव/पंचायत: नवटोलिया, उत्तरी मुरादपुर पंचायत, प्रखंड: कुरसेला (कटिहार)
घटनास्थल: हैदराबाद (तेलंगाना), निर्माणाधीन मकान
हादसे की वजह: निर्माण कार्य के दौरान सिर पर भारी ईंटें गिरना
पारिवारिक स्थिति: अत्यंत निर्धन; बीमार पिता, दिव्यांग छोटा भाई, अविवाहित बड़ी बहन
घर के चूल्हे को जलता रखने और बहन के हाथ पीले करने की सारी उम्मीदें इसी 19 वर्षीय किशोर के कंधों पर टिकी थीं। परिवार के इसी संकट को दूर करने और एक-एक पाई जुटाने के लिए सोनू घर से सैकड़ों मील दूर हैदराबाद में मजदूरी करने गया था।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
बताया जाता है कि हैदराबाद में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला मकान में काम करने के दौरान अचानक ऊपर से भारी मात्रा में ईंटें सोनू के ऊपर आ गिरीं। इस हादसे में वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर अचेत हो गया। साथी मजदूर आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल भागे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसों की डोर टूट गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दाने-दाने को मोहताज हुआ परिवार
सोनू की मौत की खबर जब फोन से गांव पहुंची, तो बीमार पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस भाई को सोनू अपने पैरों पर खड़ा देखना चाहता था, वह आज भाई के शव से लिपटकर बेसुध पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस निर्धन परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया है। अब घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा है, जिससे परिवार के सामने दाने-दाने का संकट पैदा हो गया है।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से श्रम विभाग के प्रवासी मजदूर कल्याण कोष और आपदा राहत के तहत पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता व मुआवजा देने की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें- कटिहार में दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी, अपराधियों ने वकील गुड्डू अंसारी को मारी गोली
