मखाना ठेकुआ बना छठ पूजा और स्थानीय कृषि का अनूठा संगम, कटिहार के भास्कर महोत्सव में डीएम ने किया विमोचन
Makhana Thekua :कटिहार में छठ महापर्व के लिए 'मखाना ठेकुआ' का विमोचन किया गया है, जो पारंपरिक प्रसाद को पोषण ...और पढ़ें

Makhana Thekua : छठ के पारंपरिक प्रसाद को मिला नया रूप: कटिहार में तैयार हुआ सुपरफूड 'मखाना ठेकुआ', डीएम ने किया विमोचन।
HighLights
मखाना ठेकुआ छठ पूजा का नया पौष्टिक प्रसाद।
कटिहार के जिलाधिकारी ने भास्कर महोत्सव में किया विमोचन।
स्थानीय मखाना को मूल्य संवर्धन से मिलेगा बढ़ावा।
संवाद सहयोगी, कटिहार। Makhana Thekua : लोक आस्था के महापर्व छठ के पारंपरिक और सबसे लोकप्रिय प्रसाद ठेकुआ को अब पोषण और आधुनिक बाजार से जोड़ते हुए एक नया स्वरूप दिया गया है। कटिहार के प्रसिद्ध मखाना का स्वाद और पौष्टिकता जोड़कर विशेष रूप से सुपरफूड 'मखाना ठेकुआ' तैयार किया गया है।
जिला प्रशासन की इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रमुख कृषि उत्पाद मखाना को मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) के जरिए नए और बड़े बाजारों तक पहुंचाना है। रविवार को शहर के बीएमपी परिसर में आयोजित भव्य भास्कर महोत्सव के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने इस विशिष्ट उत्पाद का विधिवत विमोचन किया।
जटा एफपीओ समूह के सुमित सहगल ने किया तैयार
पारंपरिक ठेकुआ की रेसिपी में मखाना मिलाकर इसे एक स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पाद के रूप में विकसित करने का यह अभिनव प्रयास जटा एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन) समूह के सुमित सहगल ने किया है। इस नवाचार के माध्यम से छठ पूजा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को सीधे तौर पर स्थानीय कृषि उत्पादों से जोड़ने की कोशिश की गई है।
इससे न केवल श्रद्धालुओं को एक पौष्टिक विकल्प मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में मखाना की उपयोगिता और इसकी बाजार मांग में भी तेजी आने की उम्मीद है।
बीएमपी घाट के मुख्य द्वार पर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध
इस नए उत्पाद के व्यापक प्रचार-प्रसार और सीधी बिक्री को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन ने भी सक्रिय कदम उठाया है। प्रशासन की ओर से बीएमपी घाट के मुख्य द्वार पर इसके लिए विशेष स्थान उपलब्ध कराया गया है, जहां छठ घाट पर आने वाले श्रद्धालु और आम नागरिक आसानी से मखाना ठेकुआ खरीद सकेंगे और इसके अनूठे स्वाद का अनुभव ले सकेंगे।
किसानों की आय और स्थानीय उद्यमिता को मिलेगी नई गति
विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में अत्यंत प्रभावी साबित हो सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे नवाचारी उत्पाद स्थानीय उद्यमिता, स्वरोजगार और कृषि आधारित लघु उद्योगों को नई ऊर्जा देंगे।
कटिहार के मखाना की बेहतर ब्रांडिंग होने से इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का रास्ता भी खुलेगा। इस अवसर पर सदर एसडीओ डॉ. सूरज कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन, जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी रीना गुप्ता, उप परियोजना निदेशक शशिकांत झा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।