विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार: पति की हत्या की खबर से गर्भवती पत्नी को सदमा, अचेत होने के बाद मृत शिशु को दिया जन्म

Published: Thu, 02 Jul 2026 09:10 PM (IST)

कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय मिथिलेश कुमार की जमीन विवाद के चलते क्रूरता से हत्या कर दी ...और पढ़ें

पति की हत्या की खबर से गर्भवती पत्नी को सदमा, अचेत होने के बाद मृत शिशु को दिया जन्म

पति की हत्या की खबर से गर्भवती पत्नी को सदमा, अचेत होने के बाद मृत शिशु को दिया जन्म

HighLights

  1. कटिहार में 26 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या।

  2. गर्भवती पत्नी को सदमा, मृत शिशु को जन्म दिया।

  3. जमीन विवाद को लेकर हत्या का आरोप।

संवाद सूत्र, समेली (कटिहार)। पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मलहरिया पंचायत के कठौतिया बहियार में 26 वर्षीय एक युवक की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मलहरिया वार्ड संख्या-2 निवासी अर्जुन मंडल का पुत्र मिथिलेश कुमार उर्फ मिट्ठू के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही उसकी गर्भवती पत्नी पिंकी देवी गहरे सदमे से अचेत हो गई। अस्पताल ले जाने पर उसने मृत शिशु को जन्म दिया। इस हृदयविदारक घटना ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को झकझोर दिया है।

गुरुवार की सुबह कठौतिया बहियार में एक पेड़ के समीप घास-फूस से ढका मिथलेश का शव बरामद हुआ। घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर पटसन के खेत में हाथापाई और संघर्ष के निशान मिले हैं। गीली मिट्टी पर पैरों के निशान, मृतक की चप्पल और एक कुदाल बरामद की गई है।

हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है। मृतक की नाक तथा दाहिने पैर की सबसे छोटी उंगली काट दी गई थी। कटे हुए अंग घटनास्थल से बरामद नहीं हुए। इसके माथे सहित शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म पाए गए हैं।

मृतक के पिता अर्जुन मंडल ने गांव के ही माणिक चंद स्वर्णकार के पुत्र प्रियरंजन स्वर्णकार, अमित स्वर्णकार पर हत्या का आरोप लगाया है।

उन्होंने बताया कि घर से सटी करीब एक डिसमिल जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले 20 वर्षों से विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत हुई, जमीन की मापी भी कराई गई और करीब दो माह पूर्व भी पंचायत के साथ डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका।

आरोप है कि दूसरे पक्ष पंचायत के निर्णय को मानने से इनकार करता रहा। स्वजन ने बताया कि बुधवार की सुबह मिथलेश खेत में पटवन करने गया था। दोपहर में वह भोजन करने घर लौटा और शाम करीब तीन बजे उसने स्वजन से फोन पर बात भी की।

इसके बाद शाम छह बजे से उसका मोबाइल बंद आने लगा। देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजन और ग्रामीणों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह करीब छह बजे बहियार में एक पेड़ के पास घास-फूस से ढंका उसका शव बरामद हुआ।

बताया जाता है कि मिथिलेश दो भाइयों में सबसे छोटा और परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके पिता लंबे समय से गंभीर बीमारी के कारण बिस्तर पर हैं। परिवार की आजीविका का पूरा भार उसी पर था।

अपनी जमीन नहीं होने के कारण वह करीब ढाई बीघा जमीन लीज पर लेकर खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और दो वर्षीय पुत्र रह गए हैं।

घटना की सूचना पर पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी । फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। बाद में कोढ़ा के डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान के साक्ष्य के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई करेगी। - सुनील कुमार शर्मा, एसडीपीओ-2 कोढ़ा