विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस नेता की बहू हत्याकांड का पर्दाफाश, कर्ज और बीमारी से तंग आकर बेटे ने ही मारी गोली

Published: Sat, 28 Feb 2026 02:50 PM (IST)

सेमापुर पुलिस ने कांग्रेस नेता अकमल की पुत्रवधू सरीफा खातून की हत्या का खुलासा कर दिया है। जांच में पति ...और पढ़ें

कांग्रेस नेता की बहू हत्याकांड का पर्दाफाश

कांग्रेस नेता की बहू हत्याकांड का पर्दाफाश

HighLights

  1. कांग्रेस नेता की बहू सरीफा खातून की हत्या का खुलासा।

  2. पति एतेशाम ने कर्ज और बीमारी से तंग आकर की हत्या।

  3. पुलिस ने पति और हथियार विक्रेता को किया गिरफ्तार।

संवाद सूत्र,सेमापुर(कटिहार)। थाना क्षेत्र के मोहना चांदपुर कवैया वार्ड नंबर एक में कांग्रेस नेता अकमल की पुतोहू सरीफा खातून (30) की गोली मारकर हत्या मामले का सेमापुर पुलिस ने दस दिनों के भीतर खुलासा कर लिया है। जांच में मृतका का पति एतेशाम ही हत्याकांड का मुख्य आरोपित निकला। 

मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी-टू रंजन कुमार सिंह ने बताया कि 17 फरवरी को सरीफा खातून की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पति एतेशाम ने ही थाने में केस दर्ज कराते हुए तीन अज्ञात लोगों पर आरोप लगाया था। 

65 हजार रुपये में पिस्टल और गोली खरीदी 

जांच के दौरान सेमापुर थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमरेश कुमार सहित पुलिस टीम ने लगातार छानबीन की। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि एक माह पूर्व एतेशाम ने मनसाही थाना क्षेत्र के जयनगर निवासी विकास महलदार से 65 हजार रुपये में पिस्टल और गोली खरीदी थी। 

इसमें 60 हजार रुपये नकद तथा पांच हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से दिए गए थे। पुलिस पूछताछ में एतेशाम ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित थी और इलाज में 10 लाख रुपये से अधिक खर्च हो चुके थे।

कर्ज और इलाज के खर्च से मुक्ति

पत्नी के नाम पर वाहन खरीदने के लिए बैंक से ऋण भी लिया गया था। उसने बयान दिया कि पत्नी की हत्या कर देने से उसे कर्ज और इलाज के खर्च से मुक्ति मिल जाएगी। पुलिस ने एतेशाम को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं जयनगर से विकास महलदार को भी हिरासत में लिया गया है। 

दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।