विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'नायक' फिल्म जैसी पहल: कटिहार में 9 कन्याएं बनेंगी एक दिन की मुख्य पार्षद, पार्क और लाइब्रेरी की उठी मांग

Published: Tue, 13 Oct 2026 03:02 PM (IST)

बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने शारदीय नवरात्र में नौ कन्याओं को एक दिन का सांकेतिक मुख्य पार्षद बनाने की अनूठी पहल की है।

बरारी में बेटियों को मिला नेतृत्व का अवसर, नौ कन्याएं बनेंगी एक दिन की मुख्य पार्षद

बरारी में बेटियों को मिला नेतृत्व का अवसर, नौ कन्याएं बनेंगी एक दिन की मुख्य पार्षद

HighLights

  1. मुख्य पार्षद बबीता यादव की कन्या पूजन की नई पहल।

  2. नौ कन्याएं बनेंगी एक दिन की सांकेतिक मुख्य पार्षद।

  3. बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास उद्देश्य।

संवाद सूत्र, बरारी (कटिहार)। शारदीय नवरात्र में कन्या पूजन की परंपरा को नई सोच से जोड़ते हुए नगर पंचायत बरारी की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने अनूठी पहल की है। उन्होंने नौ कन्याओं को एक-एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य पार्षद बनाने का निर्णय लिया है।

इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

फिल्म नायक की तर्ज पर शुरू की गई इस पहल के तहत स्व. आचार्य प्रदीप कुमार उर्फ बबलू झा की पुत्री विधि सुमन और व्यवसायी अमित चौधरी की पुत्री कशिश चौधरी को एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य पार्षद बनाया गया।

मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने दोनों बालिकाओं को सांकेतिक प्रभार सौंपते हुए अपनी कुर्सी पर बैठाया और नगर के विकास से जुड़े मुद्दों पर उनकी राय जानी। इस दौरान विधि सुमन ने बच्चों के खेलने और मनोरंजन के लिए चिल्ड्रेन पार्क बनाने की आवश्यकता बताई।

वहीं, कशिश चौधरी ने जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए लाइब्रेरी की मांग रखी। दोनों बालिकाओं ने अपने सुझावों के माध्यम से बच्चों की सोच और शहर के विकास में उनकी भागीदारी का महत्व बताया।

मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल बालिकाओं को कुर्सी पर बैठाना नहीं, बल्कि उन्हें निर्णय प्रक्रिया से जोड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इससे उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समझ बढ़ेगी।

मौके पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कश्यप उर्फ हिटलर यादव, प्रदीप कुमार सहित अन्य वार्ड पार्षद मौजूद थे। सभी ने इस पहल की सराहना की।