विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

प्रभा भारती हत्याकांड: हसन अरशद ने छोटू बनकर बनाई थी महिला सिपाही से नजदीकी, भेद खुला तो मार डाला

By Jagran NewsEdited By: Roma Ragini
Published: Fri, 10 Feb 2023 04:31 PM (IST)

Female Constable Murder महिला सिपाही के पिता मनोज दास ने कोढ़ा थाने में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया ...और पढ़ें

कटिहार में महिला सिपाही की गोली मारकर हत्या
कटिहार में महिला सिपाही की गोली मारकर हत्या

नीरज कुमार, कटिहार। महिला सिपाही प्रभा भारती हत्याकांड में पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में पता चला है कि महिला सिपाही का हसन अरशद उर्फ छोटे के साथ पिछले एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हसन अरशद ने अपना नाम छोटू बताकर प्रभा से जान-पहचान बढ़ाई थी। प्रभा को हसन की सच्चाई पता चली तो उसने दूरी बना ली।

प्रभा के दूरी बनाने की बात हसन को खटकने लगी थी। इस मामले में महिला सिपाही के पिता मनोज दास के बयान पर कोढ़ा थाने में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसमें हसन अरशद उर्फ छोटे, कादिर, मोनू, दानिश, प्रियश, दिग्गा यादव और सज्जाद को नामजद किया गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में भी लिया है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं की है।

बता दें कि बुधवार की देर शाम कोढ़ा थाना क्षेत्र के भटवारा के समीप एनएच 81 पर महिला सिपाही प्रभा भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग में हत्या करने की बात सामने आई थी। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक की जांच में हसन अरशद का मोबाइल टावर लोकेशन घटना के वक्त भटवारा के समीप का मिला है।

आठ महीने से प्रभा का फेसबुक चला रहा था हसन

बताया जा रहा है कि वारदात से दो दिन पहले हसन ने फेसबुक पर एक गाना भी अपलोड किया था। इसमें अप्रत्यक्ष रूप से उसने प्रभा के साथ अपने संबंध का इजहार किया है। ब्रेकअप के बाद अरशद महिला सिपाही को परेशान करने लगा था। इसमें उसने अपने कुछ दोस्तों का भी सहयोग भी लिया था। प्रभा का फेसबुक अकाउंट भी अरशद ही पिछले आठ माह से हैंडल कर रहा था।

भागलपुर से बस से कोढ़ा पहुंची थी प्रभा

लखीसराय में मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा में प्रभा की ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी के बाद प्रभा मुंगेर जिले के जमालपुर स्थित अपने घर चली गई थी। बुधवार की दोपहर प्रभा जमालपुर से ट्रेन से भागलपुर पहुंची। यहां से पूर्णिया जाने वाली बस में बैठी। गेड़ाबाड़ी उतरने के बाद प्रभा किस वाहन से कटिहार के लिए चली थी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

गले में मारी थी दो गोली

कहा जा रहा है कि हसन ने गेड़ाबाड़ी में प्रभा को अपनी गाड़ी पर बैठने को कहा। प्रभा ने इनकार कर दिया और ऑटो से कटिहार के लिए रवाना हो गई। इसके बाद हसन ने वाहन से पीछा कर भटवारा के समीप प्रभा को आटो से उतार लिया और हत्या की घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार महिला सिपाही प्रभा को एकदम नजदीक से गले में दो गोली मारी गई थी।