बारसोई में सात कोरोना पॉजिटिव ने बढ़ा दी प्रशासन की चुनौतियां
कटिहार। बारसोई प्रखंड में एक साथ सात कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन की चुनौतियां
कटिहार। बारसोई प्रखंड में एक साथ सात कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन की चुनौतियां बढ़ गई है। बारसोई के तीन क्वारंटाइन सेंटर से सात संक्रमित व्यक्तियों की पहचान हुई है।
अंचलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि संस्थागत संक्रमण होने के कारण संक्रमित केंद्रों के आधा किलोमीटर वाले क्षेत्र को ही सील किया गया है। तीनों केंद्रों को सील करने के उपरांत उसमें दंडाधिकारी नियुक्त कर दिया गया है ताकि कोई भी व्यक्ति सुरक्षित क्षेत्र में प्रवेश कर सके। वहीं दूसरी तरफ अचानक आगंतुक प्रवासियों की संख्या इतनी ज्यादा बढ़ गई कि प्रशासन की सारी व्यवस्था चरमरा गई है। बाहर से आने वाले कई लोग क्वारंटाइन सेंटर में जाने की बजाय सीधे घरों को जा रहे हैं। यद्यपि गांव वालों के सजग होने से लोग अपने घरों में नहीं घुस पा रहे हैं। घर के आसपास के सामुदायिक भवन, सरकारी भवन, स्कूल, मदरसा इत्यादि में शरण लिए हुए हैं। अराजकता की स्थिति पैदा हो रही है। सीओ श्री सिंह ने कहा कि अनुमंडल मुख्यालय के कई निजी विद्यालयों को भी क्वारंटाइन सेंटर बनाया जा रहा है। अचानक ज्यादा भीड़ आने से व्यवस्था में परेशानी उत्पन्न हुई है, लेकिन इसे व्यवस्थित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से अब तक 125 केंद्र संचालित है। इसमें लगभग 10 हजार प्रवासी ठहरे हुए हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रों की संख्या और भी बढ़ सकती है। क्योंकि हर जगह से सटीक आंकड़ा नहीं मिल रहा है। वही नगर पंचायत के आइटीआई भवन में बने क्वॉरेंटाइन सेंटर में तीन व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। जबकि उत्क्रमित उच्च विद्यालय रांगा मठिया तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरिपुर में दो-दो संक्रमित प्रवासी पाए गए हैं। यहां बता दें कि सभी बारसोई प्रखंड के विभिन्न गांव चौंदी, इमादपुर, बेलवा डांगी, हरिपुर इत्यादि का रहने वालें हैं तथा वे लोग बेंगलुरु, कोलकाता, राजस्थान, तमिलनाडू, आसाम आदि राज्यों से आए हुए हैं।