अहंकार में चूर है तेजस्वी, राजनीति में अहंकार की जगह नहीं : पप्पू
कटिहार : राजद नेता तेजस्वी यादव अहंकार में चूर हैं जबकि राजनीति में अहंकार की कोई ज
कटिहार : राजद नेता तेजस्वी यादव अहंकार में चूर हैं जबकि राजनीति में अहंकार की कोई जगह नहीं है। उन्हें महागठबंधन के बड़े नेताओं से बहुत कुछ सीखनी चाहिए। यह बातें जन अधिकार पार्टी के संरक्षक सह सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कही। वे पूर्णिया जाने के दौरान रेलवे परिसदन में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव से अपना घर नहीं संभल रहा हैं, तब वे पार्टी और राज्य को क्या संभालेंगे। उन्होंने कहा कि राजद नेता को राजनीति का ज्ञान नहीं हो पाया है। उनके विधान सभा परिक्षेत्र में इतनी बड़ी रेल दुर्घटना होती है और वे वहां जाना तक मुनासिब नहीं समझते हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से चल रही बात
सांसद पप्पू यादव ने आगामी चुनाव लड़ने संबंधी सवाल पर कहा कि उनकी बात कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी से चल रही है। जन अधिकार पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। अंतिम निर्णय भी जल्द ही हो जाएगा।
शहीद जवानों के परिजन को एक-एक लाख की सहायता
सांसद श्री यादव ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले में इंटलिजेंस इनपुट पर सतर्कता नहीं बरतना एक बड़ी चूक को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में तत्काल जवाबी कार्रवाई होनी चाहिए। बिहार के शहीद दोनों जवानों के परिजनों को जन अधिकार पार्टी द्वारा एक-एक लाख रूपये सहयोग राशि देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार को शहीद परिवार को 50-50 लाख रूपया मुआवजा व आजीवन पेंशन देने की तत्काल घोषणा करनी चाहिए। बाद में शहीद जवानों के लिए सांसद की अध्यक्षता में रेल परिसदन परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रख मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस मौके पर जाप जिलाध्यक्ष सुनील यादव, प्रदेश नेता नैयर मसूद खान, महिला जिलाध्यक्ष, छात्र जिलाध्यक्ष मनीष ठाकुर, राजू पाठक आदि मौजूद थे।