आस्था की भीड़ में उड़ी स्वच्छता की धज्जियां
कटिहार। मनिहारी गंगा तट पर शनिवार को भी आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इधर तीन दिनों से उ
कटिहार। मनिहारी गंगा तट पर शनिवार को भी आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इधर तीन दिनों से उमड़ रही भीड़ के बीच तमाम प्रशासनिक इंतजाम धाराशायी हो चुका है। खासकर शौचालय का पुख्ता इंतजाम नहीं रहने के कारण छठ व्रतियों की परेशानी चरम पर पहुंच गई है। भीड़ के आगे इंतजाम उंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है। स्थिति यह है कि अब पूरा तट शौच से पट गया है और व्रतियों का गुजरना मुश्किल हो गया है। बता दें कि गुरुवार से शनिवार तक छह लाख से भी अधिक श्रद्धालु गंगा में डूबकी लगा चुके हैं। छठ गीत से मनिहारी गंगा तट गुंजायमान है। विधि व्यवस्था व सुरक्षा को लेकर अल सुबह से इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष महफूज आलम अपने अधीनस्थों के साथ स्वयं मोर्चा संभाले रहे। गंगा घाट पर ग्रामीण कार्य प्रमंडल मनिहारी के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार,बीईओ अशोक कुमार, नपं के कार्यपालक पदाधिकारी प्रफुल्ल चन्द यादव सहित पुलिस पदाधिकारी, पुलिस के जवान, होमगार्ड के जवान, जिला से पहुंचा अतिक्ति पुलिस फोर्स भीड़ को नियंत्रित करने में जुटा रहा। घाटों पर शौचालय की कमी को लेकर श्रद्धालुओं ने शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। श्रद्धालुओं का कहना था कि गंगा मईया की काफी महता है, दूरदराज से श्रद्धालु गंगा स्नान को पहुंचते है, पर व्यवस्था के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। कहा कि सरकार शौचालय को लेकर करोडों खर्च कर रही है पर गंगा तट पर शौचालय के अभाव में खुले में शौच जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है, खासकर महिलाओं की परेशानी और बढ़ जाती है। घाट पर पेयजल व शौचालय की कमी के साथ गंदगी से भी दो चार होना पड़ रहा है।