बापू का रूप धरेंगे बंदी, निकालेंगे दांडी मार्च की झांकी
कटिहार। जेलों में बंद विचाराधीन कैदी महात्मा गांधी की ऐतिहासिक दांडी यात्रा की झांकी ि
कटिहार। जेलों में बंद विचाराधीन कैदी महात्मा गांधी की ऐतिहासिक दांडी यात्रा की झांकी निकालेंगे। बापू के परिधान में सजे बंदी दांडी मार्च से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को झांकी को प्रदर्शित करेंगे। बंदी सुधार योजना के तहत कारा महानिरीक्षक ने सभी जेल अधीक्षकों को जेल के भीतरी परिसर में यह कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है। कारा प्रशासन ने दांडी मार्च से संबंधित ऐतिहासिक महत्व की तस्वीर भी सभी जेलों को भेजी है। इसी थीम पर झांकी की प्रस्तुति की जाएगी। जेल के भीतर होने वाले इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गांधीवादी विचारक, सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया है। विभागीय जानकारी के मुताबिक दांडी मार्च के बाद जेलों से चिन्हित बंदियों को छोड़े जाने की भी योजना थी। लेकिन कतिपय कारणों से मुख्यालय स्तर से इस पर तत्काल कोई निर्णय नहीं लिया गया। लेकिन दांडी मार्च सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इस कार्यक्रम के दौरान जेल के बंदी नशामुक्ति का संकल्प लेने के साथ ही सफाई अभियान भी चलाऐंगे। लंबे समय से जेलों में सजा काट रहे बंदी समाज की मुख्यधारा से कटे रहते हैं। जेल से बाहर आने के बाद भी अधिकांश बंदी अपराध की दुनिया में कदम रखते हैं। कुख्यात अपराधियों के संपर्क में रहने के कारण नशे की लत का शिकार हो जाते हैं। दांडी मार्च आयोजित करने का निर्देश गृह मंत्रालय द्वारा सभी राज्यों को दिया गया है। कटिहार मंडल कारा में भी बंदियों द्वारा दांडी मार्च की झांकी निकाली गई। झांकी में शामिल बंदी वाद्य यंत्रों के साथ बापू के भजन व संदेश को जेल के अन्य कैदियों के बीच प्रचारित करेंगे। झांकी के दौरान बापू के सत्य अहिसा के उपदेश पर विचार गोष्ठी भी आयोजित होगा। बताते चलें कि पिछले वर्ष गांधी जयंती के अवसर पर सूबे के कई जेलों से चिन्हित बंदियों को रिहा किया गया था। चंपारण सत्याग्रह शताब्दी वर्ष पर महात्मा गांधी के जीवन दर्शन को आधार बनाकर जेलों के लिए कई सुधार योजना तैयार की गई है।
कोट: मुख्यालय स्तर से जेलों में बंदियों द्वारा दांडी मार्च की झांकी निकाले जाने का निर्देश दिया गया है। बापू की वेशभूषा में बंदी दांडी यात्रा के ऐतिहासिक महत्व व तथ्य को झांकी के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान नशामुक्ति संकल्प एवं गांधी दर्शन पर विचार गोष्ठी का भी आयोजन होगा। -अमरजीत सिंह, मंडल काराधीक्षक, कटिहार।