शिलान्यास के 2 साल बाद भी अधूरा पुल, कटिहार में जान जोखिम में डाल नाव से नदी पार करने को मजबूर ग्रामीण
कटिहार के प्राणपुर प्रखंड में केवट टोला भोपत कुंडी पर पुल का निर्माण शिलान्यास के दो साल बाद भी अधूरा ...और पढ़ें

नाव से नदी पार करने को मजबूर ग्रामीण
HighLights
शिलान्यास के दो साल बाद भी पुल निर्माण अधूरा।
ग्रामीण, छात्र जान जोखिम में डाल नाव से नदी पार।
बरसात में हादसे का खतरा, जल्द निर्माण की मांग।
संवाद सूत्र, प्राणपुर (कटिहार)। प्राणपुर प्रखंड की केहुनिया पंचायत अंतर्गत केवट टोला भोपत कुंडी पर पुल निर्माण की उम्मीद दो साल बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन अब तक पुल अधूरा पड़ा है। इसके कारण ग्रामीणों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को भी आज तक नाव के सहारे नदी पार करनी पड़ रही है।
भोपत कुंडी पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। पुल का निर्माण पूरा नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के दिनों में नदी की तेज धारा के बीच नाव से आवागमन करना ग्रामीणों की मजबूरी बनी हुई है। ऐसे में हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से परेशानी बरकरार
ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण शुरू होने के बाद उन्हें आवागमन की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से उनकी परेशानी बरकरार है।
ग्रामीण सुरेश केवट, द्वारिका केवट, विजय केवट, शांति देवी, सुनील केवट और संजय केवट सहित अन्य लोगों ने बताया कि पुल अधूरा रहने के कारण रोजमर्रा के कामकाज और बच्चों की पढ़ाई के लिए आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पुल निर्माण पूरा कराने की मांग की है, ताकि लोगों को नाव के सहारे नदी पार करने की मजबूरी से छुटकारा मिल सके।
नदी की तेज धारा में पानी का बहाव अधिक होने के कारण निर्माण कार्य रोकना पड़ा था। इससे कार्य पूरा होने में विलंब हुआ है। जल्द ही पुल निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। - मनीष कुमार, जेई
यह भी पढ़ें- कटिहार में चीख-पुकार से दहला पोठिया-डूमर मार्ग, पटसन लदा ट्रैक्टर गड्ढे में पलटा, दो सगे भाइयों की गई जान
