कटिहार में चीख-पुकार से दहला पोठिया-डूमर मार्ग, पटसन लदा ट्रैक्टर गड्ढे में पलटा, दो सगे भाइयों की गई जान
Katihar Road Accident : कटिहार के पोठिया-डूमर मार्ग पर पटसन लदे ट्रैक्टर के गड्ढे में पलटने से भीषण सड़क हादसा ...और पढ़ें

Katihar Road Accident : कटिहार में पटसन लदा ट्रैक्टर पलटने से दो सगे भाइयों की मौत, 3 मजदूर गंभीर; कुशियारी इमली गाछ के पास भीषण हादसा
HighLights
पोठिया-डूमर मार्ग पर पटसन लदा ट्रैक्टर पलटा।
हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर मौत।
तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सूत्र, पोठिया/समेली (कटिहार)। Katihar Road Accident :कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पोठिया-डूमर सड़क मार्ग पर सोमवार की सुबह एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। खेतों से पटसन (जूट) की कटाई और लोडिंग कर अपने घर लौट रहे मजदूरों का ट्रैक्टर कुशियारी इमली गाछ के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में ट्रैक्टर और उस पर लदे भारी पटसन के नीचे दबकर दो सगे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही गांव और परिजनों में कोहराम मच गया।
फलका से काम निपटाकर घर लौट रहे थे पांचों मजदूर
मिली जानकारी के अनुसार, बरारी प्रखंड के हासिमपुर नया टोला निवासी पांचों मजदूर फलका प्रखंड क्षेत्र में पटसन की कटाई करने गए थे। सोमवार की सुबह वे ट्रैक्टर पर भारी मात्रा में पटसन लादकर अपने घर बरारी लौट रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर पोठिया थाना क्षेत्र के कुशियारी इमली गाछ के समीप पहुंचा, चालक का वाहन पर से संतुलन बिगड़ गया। तेज गति व असंतुलन के कारण ट्रैक्टर सीधे सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जाकर पलट गया।
ट्रैक्टर के नीचे दबकर दो भाइयों ने तोड़ा दम, तीन घायल
हादसा इतना वीभत्स था कि मोहम्मद सद्दाम (35) और उनके बड़े भाई मोहम्मद मनीर (50) ट्रैक्टर के भारी ढांचे और पटसन के बंडलों के नीचे बुरी तरह दब गए। दोनों भाइयों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, ट्रैक्टर पर सवार मोहम्मद तौफिक (32), मोहम्मद अनवर (22) और मोहम्मद मनिरुल गंभीर रूप से घायल होकर चीखने-पुकारने लगे।
सड़क हादसा: एक नजर में
घटनास्थल: कुशियारी इमली गाछ के समीप, पोठिया-डूमर सड़क, पोठिया थाना (कटिहार)।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन: पटसन (जूट) लदा ट्रैक्टर।
मृतक (दो सगे भाई):
मोहम्मद सद्दाम (35 वर्ष)
मोहम्मद मनीर (50 वर्ष)
(निवासी: हासिमपुर नया टोला, प्रखंड- बरारी, कटिहार)
गंभीर घायल: मोहम्मद तौफिक (32), मोहम्मद अनवर (22) और मोहम्मद मनिरुल।
स्वास्थ्य स्थिति: तौफिक और अनवर की हालत नाजुक, हायर सेंटर रेफर; मनिरुल का इलाज जारी।
पुलिस कार्रवाई: पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार के नेतृत्व में शवों को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटना की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए भारी पटसन को हटाया और घायलों को बाहर निकाला।
दो घायलों की हालत नाजुक, हायर सेंटर रेफर
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को फौरन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), समेली पहुंचाया गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मोहम्मद तौफिक और मोहम्मद अनवर की गंभीर और नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (सदर अस्पताल/मेडिकल कॉलेज) रेफर कर दिया। वहीं, तीसरे घायल मोहम्मद मनिरुल का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में लेते हुए दोनों सगे भाइयों के शवों को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। इधर, दो कमाऊ सगे भाइयों की असमय मौत से हासिमपुर नया टोला में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
