यहां अल्ट्रासाउंड कराना भी टेढ़ी खीर, बैरंग लौट जाते हैं मरीज
कटिहार। सदर अस्पताल में तमाम कोशिशों के बावजूद व्यवस्थागत कमियां दूर नहीं हो पा रही है
कटिहार। सदर अस्पताल में तमाम कोशिशों के बावजूद व्यवस्थागत कमियां दूर नहीं हो पा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी यहां पहुंचने वाले मरीजों की समस्या को लेकर कतई गंभीर नहीं दिखते हैं। फलाफल इसका निदान नहीं निकल पाता है। दवा काउंटर की कमी से जहां मरीजों के लिए दवा लेना जंग जीतने जैसा होता है, वहीं यहां चिकित्सक के परामर्श पर अल्ट्रासाउड करा लेना भी बड़ी बात होती है। आलम यह है कि नित्य सौ से डेढ़ सौ मरीजों को बिना अल्ट्रासाउंड कराए ही लौटना पड़ता है। यह स्थिति अस्पताल में अल्ट्रासाउंड का महज एक केन्द्र रहने के चलते है। इस केन्द्र में औसतन हर रोज 80 मरीजों का अल्ट्रासाउंड होता है। जबकि औसतन नित्य लगभग ढाई सौ मरीज अल्ट्रासाउंट के होते हैं। क्या कहते हैं मरीज : अल्ट्रासाउंड कराने पहुंची मरीज बीबी खातून, रेशमा खातून, प्रियंका देवी सहित अन्य लोगों ने बताया कि वे लोग सुबह से ही भूखे प्यासे कतार में खड़ी रहकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। अल्ट्रासाउंड की एक ही मशीन होने के कारण परेशानी झेलना पड़ रहा है। काफी संख्या में मरीजों को कर्मी द्वारा अगले दिन आने की बात कह वापस लौटा दिया जाता है। इससे मरीजों को काफी परेशानी होती है।