महिला कॉलेज के प्राचार्य का एनएसयूआइ ने किया घेराव
कटिहार। छात्राओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को एनएसयूआइ की अगुवाई में प्राच
कटिहार। छात्राओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर शुक्रवार को एनएसयूआइ की अगुवाई में प्राचार्य का घेराव किया गया। इस दौरान छात्राओं ने जमकर प्राचार्य कार्यालय के समीप हंगामा किया। एनएसयूआई नेताओं व छात्राओं ने मजबूती से प्राचार्य के समक्ष इन समस्याओं को रखा। एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव एवं जिलाध्यक्ष अमित पासवान ने कहा कि 55 छात्राओं का स्नातक द्वितीय खंड का अंक प्रमाण-पत्र नहीं आने के कारण स्नातक तृतीय खंड में नामांकन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने स्नातक द्वितीय खंड के नामांकन की तिथि बढ़ाने की भी मांग की। प्रोमेटेड छात्राओं का भी नामांकन सुनिश्चित करने को लेकर छात्राओं ने प्राचार्य को लगभग दो घंटे तक घेरे रखा। बाद में प्राचार्य ने बीएनएमयू के रजिस्टार से दूरभाष पर बातचीत कर छात्राओं को इन समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। इस पर छात्राओं का हंगामा शांत हुआ। श्री गौरव ने कहा कि छात्राओं का नामांकन नहीं हुआ तो वे लोग आंदोलन को बाध्य होंगे। इस मौके पर फुरकान मंजर, निखित परवीन, मु. सलाम, ममता कुमारी, निधि कुमारी, पूजा कुमारी, स्वीटी सिंह, छोटू सिंह, रंजना पांडेय सहित काफी संख्या में छात्राएं मौजूद थी।
क्या कहते हैं प्राचार्य :
महिला कालेज के प्रभारी प्राचार्य डा. रमेश कुमार सिंह ने कहा कि छात्राओं की समस्याओं को लेकर बीएनएमयू विश्वविद्यालय के रजिस्टार से बात हुई है। छात्राओं की समस्याओं के निदान को लेकर वे खुद तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पदाधिकारी से लगातार छात्राओं की समस्याओं को लेकर बातचीत की जा रही है।