मकई खेत में मिला तीन बच्चों की मां का अधजला शव, दुष्कर्म बाद हत्या की आशंका
बिहार के कटिहार जिले में एक खेत में महिला का अधजला शव मिला है। शव देखने से यह प्रतीत होता है कि दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है।
कटिहार [जेएनएन]। बिहार के कटिहार जिले के कदवा प्रखंड के सुधानी ओपी क्षेत्र के कोल्हा गांव स्थित मक्का खेत से एक महिला का अधजला शव पुलिस ने शनिवार की देर शाम बरामद किया है। दुष्कर्म बाद महिला की हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।
शव की स्थिति से ऐसा लग रहा है कि उस पर काफी मात्रा में तेजाब डाला गया है। हत्या के बाद शव पर तेजाब डाला गया या फिर जिंदा अवस्था में तेजाब डाल उसकी हत्या की गई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। उक्त महिला तीन
बच्चों की मां थी और कुछ वर्ष पूर्व उसकी दूसरी शादी नजदीक के ही एक गांव में हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिर्पोट आने के बाद ही पूरी स्थिति
स्पष्ट हो पाएगी।
यद्यपि मृतका के मायके पक्ष द्वारा महिला के दूसरे पति व उनके परिजनों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें पारिवारिक कारणों से गला घोट हत्या की बात कही गई है। प्राथमिकी में यह कहा गया है कि दस पूर्व उसकी शादी उत्तरप्रदेश में हुई थी। उसको दो पुत्र व एक पुत्री भी है। वहां अनबन होने के बाद उसकी शादी बगल के एक गांव में कराई गई थी। वह भवन निर्माण में राजमिस्त्री के साथ काम पर भी जाती थी।
मायके वालों ने बताया है कि कुछ दिनों से दूसरे पति से उसका अनबन चल रहा था, इसलिए वह मायके में ही रह रही थी। मायके वालों ने दूसरे पति व उनके परिजनों पर ही हत्या कर शव जलाने की कोशिश की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिर्पोट से ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। अधजला शव होने के कारण फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। वहीं पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को दबोच लिया जाएगा।
पंकज कुमार, एसडीपीओ, बारसोई।