बिहार के कटिहार जिले में कांग्रेस नेता की बहू का मर्डर, 3 हमलावरों ने करीब से मारी गोली
कटिहार के सेमापुर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता अकमल की 30 वर्षीय बहू सरीफा खातून की गोली मारकर हत्या कर ...और पढ़ें

जिस जगह सोता था पति वहां सोई थी पत्नी, अपराधियों ने सटाकर मारी गोली

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सेमापुर (कटिहार)। सेमापुर थाना क्षेत्र के मोहना चांदपुर कवैया वार्ड संख्या एक में सोमवार की आधी रात कांग्रेस नेता अकमल की 30 वर्षीय बहू सरीफा खातून की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सरीफा खातून अपने पति एहतेशाम के साथ मायके में रह रही थी। उसका ससुराल मोहना चांदपुर के झरकाहा गांव में है। ससुराल में नया घर बनने के कारण दोनों कवैया में रह रहे थे। ससुर अकमल कांग्रेस के युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव हैं।
स्वजनों के अनुसार, देर रात तीन अज्ञात घर पर पहुंचे और एहतेशाम के बारे में पूछताछ किया। बताया जाता है कि जिस स्थान पर एहतेशाम सामान्यतः सोता था, उस रात वह वहां नहीं सोया था। सरीफा खातून सोई थी। हमलावरों ने सरीफा खातून को सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पिस्टल छोड़कर भागा एक हमलावर
सरीफा खातून कैंसर पीड़ित थी। बहूत इलाज के बाद स्वस्थ हुईं थी। मृतका के पति एहतेशाम ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर वह दौड़ा तो एक हमलावर पिस्टल छोड़कर भाग निकला। सभी के चेहरे नकाब से ढके थे।
साली के तलाक का विवाद
उसने कहा कि उसकी पत्नी का किसी से कोई विवाद नहीं था। हालांकि, परिवार में एक साली के तलाक को लेकर विवाद चलने की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। सूचना मिलते ही सेमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने मौके से पिस्टल भी बरामद किया है। सदर एसडीपीओ ग्रामीण रंजन कुमार सिंह ने बताया कि गोली सटाकर मारी गई है, जिससे स्पष्ट है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन करने का दावा किया है।
