14 पंचायत में छह निवर्तमान मुखिया की बची कुर्सी
संवाद सूत्र मनिहारी (कटिहार) मनिहारी और अमदाबाद प्रखंड में संपन्न हुए पंचायत चुनाव की मतगणना बुधवार को तिनगछिया बाजार समिति में कराई गई।
संवाद सूत्र, मनिहारी (कटिहार): मनिहारी और अमदाबाद प्रखंड में संपन्न हुए पंचायत चुनाव की मतगणना बुधवार को तिनगछिया बाजार समिति में कराई गई। मनिहारी की 14 पंचायत की मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण पारदर्शी माहौल में संपन्न हो गया। 14 पंचायत में मतदाताओं ने छह निवर्तमान मुखिया को दुबारा जीत का सेहरा पहनाया, जबकि आठ नए चेहरे भी मुखिया पद का चुनाव जीतने में सफल रहे। हालांकि तीन निवर्तमान मुखिया ने पंचायत चुनाव में दावेदारी नहीं की थी। प्रखंड के धुरियाही पंचायत के मुखिया राजकुमार मण्डल ने दूसरी बार जीत दर्ज की। वही कुमारीपुर पंचायत से मुखिया पदमावती देवी, फतेहनगर पंचायत से मुखिया हाजरा खातून, केवाला पंचायत से मुखिया गीता देवी, उत्तरी कांटाकोश पंचायत से मुखिया पूनम देवी एवं बाघमारा पंचायत से मुखिया पद से ममिता देवी ने दूसरी बार लगातार जीत दर्ज की है। बाघमारा पंचायत की नवनिर्वाचित ममिता देवी ने सबसे अधिक 2400 मतों से जीत दर्ज की।
मनोहरपुर पंचायत से मुखिया पद पर शबनम कुमारी पहली बार चुनाव जीतने में सफल रही। वही दिलारपुर पंचायत से मुखिया पद पर हेमा देवी ने भी पहली बार जीत दर्ज की। बौलिया पंचायत से मुखिया पद पर जार्जिश आलम, बघार पंचायत से पिटू कुमार यादव तथा कांटे की टक्कर में नारायणपुर पंचायत से मुखिया पद पर रानी देवी ने पहली बार बाजी मारी। नीमा पंचायत से मुखिया पद पर रामजी यादव ने भी पहली बार जीत का माला पहना। नवाबंगज पंचायत से मुखिया पद पर कामता प्रसाद सिंह निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने मतगणना केंद्र के बाहर एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा जश्न मनाया।