विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में बोआई के बीच खाद की कालाबाजारी, ₹2000 में मिल रहा ₹1350 DAP; यूरिया ₹500 के पार

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:32 PM (IST)

फलका, कटिहार में रबी फसलों की बुवाई के बीच खाद की किल्लत और कालाबाजारी से किसान परेशान हैं। सरकारी दर से अधिक दाम पर डीएपी और यूरिया बेचे जा रहे हैं, जबकि बिना लाइसेंस की दुकानें भी धड़ल्ले से चल रही हैं।

फलका थाना में जब्त नकली खाद। जागरण

फलका थाना में जब्त नकली खाद। जागरण

HighLights

  1. फलका में रबी फसलों की बुवाई के दौरान खाद की किल्लत।

  2. डीएपी और यूरिया सरकारी दर से काफी अधिक दाम पर बिक रहे।

  3. बिना लाइसेंस की उर्वरक दुकानें धड़ल्ले से संचालित हो रही हैं।

संवाद सूत्र, फलका (कटिहार)। प्रखंड क्षेत्र में गेहूं, मक्का आदि रबी फसलों की बोआई जोरों पर है। इसी बीच खाद की किल्लत और कालाबाजारी से किसान परेशान हैं।

सरकारी दर पर 1350 रुपये में मिलने वाला डीएपी बाजार में 1800 से 2000 रुपये प्रति बैग तक बिक रहा है। यूरिया भी निर्धारित दर के बजाय 400 से 500 रुपये प्रति बैग बेचा जा रहा है।

खुली हैं बिना लाइसेंस की उर्वरक दुकानें

प्रखंड के विभिन्न गांवों में बिना लाइसेंस खाद और कीटनाशक की दुकानें खुल गई हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रखंड में 55 लाइसेंसधारी दुकानदार हैं, जबकि धरातल पर इससे दोगुने से अधिक लोग अवैध रूप से कारोबार कर रहे हैं।

ई-किसान भवन के मुख्य द्वार के ठीक सामने थाना परिसर में जब्त नकली खाद की बोरियां रखी हैं। बावजूद बिना लाइसेंस संचालित दुकानों पर अधिकारियों का मौन सवाल उठा रहा है।

स्थानीय किसानों का आरोप है कि फलका बाजार, महेशपुर, सालेहपुर, पोठिया, मोरसंडा और लक्ष्मीपुर समेत दर्जन भर से अधिक गांवों में बिना रोक-टोक अमानक और महंगे उर्वरक बेचे जा रहे हैं। बोआई के समय किसान मजबूरी में ऊंचे दाम पर खाद खरीद रहे हैं।

POS मशीन की व्यवस्था भी फेल

सरकार ने कालाबाजारी रोकने के लिए पोस मशीन अनिवार्य की है, लेकिन फलका में यह व्यवस्था प्रभावी नहीं दिख रही।

आरोप है कि दुकानदार डीएपी 1800 से 2000 रुपये में बेचने के बाद अन्य किसानों के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर मशीन में कागजी खानापूर्ति कर लेते हैं।

पैक्स से नहीं मिल रही राहत

रबी बोआई के अहम समय में सरकारी व्यवस्था से भी राहत नहीं मिल रही। हथवाड़ा पैक्स को छोड़कर प्रखंड के अधिकांश पैक्सों में खाद उपलब्ध नहीं है। इससे छोटे और मध्यम किसान निजी तथा अवैध दुकानदारों से खाद खरीदने को मजबूर हैं।

रबी बोआई के मौसम में खाद की कालाबाजारी और अवैध बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाई जा रही है। जल्द ही पूरे प्रखंड में औचक छापेमारी होगी। अवैध विक्रेताओं और अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -सौरभ कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।