विकास और विनाश के बीच हो रहा चुनाव : मंगल
कटिहार [नंदन कुमार झा]। बिहार का विधानसभा चुनाव विकास बनाम विनाश का है। अब जनता यह तय करेगी कि बिहार
कटिहार [नंदन कुमार झा]। बिहार का विधानसभा चुनाव विकास बनाम विनाश का है। अब जनता यह तय करेगी कि बिहार को विकास की ओर ले जाने वाली एनडीए सरकार को चुनती है या विनाश के पथ पर चल रही महागठबंधन की सरकार को। यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने राजेन्द्र स्टेडियम में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने गांव-गांव बिजली नही पहुंचने पर वोट नही मांगने का वादा किया था। आज सैकड़ों गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। जनता को दिए गए राशन कार्ड शत प्रतिशत उन तक नही पहुंचे। डीजल अनुदान के लिए किसान परेशान है और महागठबंधन विकास के नाम पर वोट मांग रही है। डेढ़ साल से अस्पतालों में दवाई नही मिल रही। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा बिहार के विकास के लिए विशेष पैकेज दिया जा चुका है। कृषि, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, अस्पताल के लिए पैकेज के माध्यम से सुधार लाने की कोशिश की गयी है। अगर बिहार में भाजपा की सरकार बनी तो बिहार सर्वश्रेष्ठ राज्यों में गिना जाएगा। उन्होने कहा कि इस बार दीपावली में कमल पर विकास की लक्ष्मी आने वाली है।
कई नेताओं ने किया सभा को संबोधित
हरियाणा प्रदेश के मंत्री नायाब सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में भाजपा की हवा चल चुकी है और इसकी आवाज अन्य राज्यों तक पहुंच चुकी है।
जेल मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि भाजपा बिहार का विकास चाहती है। वही हरियाणा के अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
पूर्णिया के पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि जनता विकास करने वाली सरकार को चुनना चाहती है।
कटिहार के पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी ने जनता से महागठबंधन की सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की।
विधान पार्षद अशोक अग्रवाल ने कहा कि जिले के सभी विधानसभा पर कमल खिलेगा।
पूर्व विधान पार्षद राजवंशी सिंह ने जनता से विधानसभा में बिहार को विकास के पथ पर ले जाने वाली सरकार को चुनने की अपील की।
विधान पार्षद दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में ही बिहार का समुचित विकास होगा। जनता सत्ता परिवर्तन को आतुर है।
सदर विधायक सह प्रत्याशी तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कटिहार में विकास किया है। अभी आगे भी कई काम बाकी है।
कदवा प्रत्याशी चंद्र भूषण ठाकुर ने कहा कि अगर जनता मौका देगी तो ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल की कोई कमी नहीं रहेगी।
बरारी विधायक विभाष चंद्र चौधरी ने युवाओं से विकास के नाम पर वोट डालने की अपील की।
प्राणपुर विधायक विनोद सिंह ने कहा कि जनता समझ चुकी है। हर कोई अब विकास चाहता है।
कोढ़ा विधायक महेश पासवान ने राज्य में विकास को आगे बढ़ाने के नाम पर मतदान करने की अपील की।
मनिहारी से लोजपा प्रत्याशी अनिल उरांव ने विकास के नाम पर लोगों ने एनडीए को समर्थन देने का मन बना लिया है।