कदवा के कामरू में पांच घरों में सेंधमारी
संवाद सूत्र, कदवा (कटिहार) : प्रखंड के कंटिया पंचायत के कामरू गांव में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों न
संवाद सूत्र, कदवा (कटिहार) : प्रखंड के कंटिया पंचायत के कामरू गांव में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने जमकर तांडव मचाया। चोर एक साथ पांच घरों में सेंधमारी कर लाखों की नकदी, जेवरात एवं कपड़े आदि लेकर फरार हो गये।
जानकारी अनुसार कामरू निवासी उपेंद्र मंडल, युवराज मंडल, बहादुर मिर्घा, बिक्रम मंडल व शंभू मंडल के यहां एक साथ सेंध मार इस घटना को अंजाम दिया। गृहस्वामी उपेंद्र मंडल ने बताया कि चोरों ने उसके घर में रखी अलमीरा से दो लाख 37 हजार नकदी के साथ चांदी का सिक्का, चांदी एवं सोने का आभूषण की चोरी किया है। फूस के घर में टट्टी के नीचे मिट्टी खोदकर सुरंग बनाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया था। वहीं युवराज मंडल के यहां चोर सेंध मारकर 13 हजार रुपये नकद, कपड़ा, जेवरात आदि लेकर चलते बने। जबकि अन्य घरों में भी सेंधमारी की गयी है। घटना की सूचना मिलने पर सुबह मुखिया बिहारी लाल बुबना, पूर्व मुखिया नारायण महतो सहित दर्जनों लोगों के साथ कदवा पुलिस घटना स्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। चोरी की इस घटना से ग्रामीण खौफजदा हैं।
क्या कहते हैं जनप्रतिनिधि : मुखिया श्री बुबना ने कहा कि आये दिन कदवा में चोरी की घटनाएं हो रही है। इससे लोग रतजगा करने को विवश हैं। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त तेज करने की मांग की।
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष : इस संबंध में थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि चोरी की प्राथमिकी कर इसकी छानबीन शुरु कर दी गयी है। जल्द ही चोरों को दबोच लिया जाएगा।