1.3 करोड़ खर्च कर मिलेगी जलजमाव से निजात
नगर में जलजमाव की समस्या हल्की बारिश के बाद ही उत्पन्न हो जा रही है। जब बरसात का मौसम शु
नगर में जलजमाव की समस्या हल्की बारिश के बाद ही उत्पन्न हो जा रही है। जब बरसात का मौसम शुरू होता है तो नगर के लगभग सभी वार्डों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसका प्रमुख कारण वार्ड में बनी नालियों के पानी का निकास नहीं होना। इससे नालियों का पानी ओवरफ्लो कर गलियों में फैलता है। जिससे लोगों को घरों से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इस समस्या से सबसे अधिक नगर के वार्ड 11 व 12 के लोग परेशान होते हैं। इन दोनों वार्डों का क्षेत्र अधिक दूरी तक होने के कारण समस्या भी काफी गंभीर रहती है, लेकिन इस वर्ष बरसात के मौसम से पूर्व यह समस्या दूर हो जाएगी। क्योंकि नगर परिषद ने दोनों वार्डों में जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने की पहल की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर परिषद भभुआ के सभापति जैनेंद्र कुमार आर्य ने बताया कि वार्ड 11 व 12 में हो रहे जलजमाव से निजात दिलाने के लिए मुख्य नाला का निर्माण कराया जा रहा है। जिस पर एक करोड़ 30 लाख रुपये खर्च होंगे। मुख्य नाला के निर्माण का कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। ताकि बरसात से पूर्व कार्य समाप्त हो जाए और पुन: दोनों वार्डों में जलजमाव की समस्या न उत्पन्न हो। उन्होंने बताया कि राजेंद्र सरोवर के पास स्थित वार्ड 11 के लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। मुख्य नाला का निर्माण बाइपास मार्ग तक करा कर उसे कैमूर स्तंभ के पास बने नाला में मिला दिया जाएगा।