स्कॉर्पियो की टक्कर से बीएसएफ जवान समेत दो की मौत
दुर्गावती-चैनपुर पथ पर ग्राम अशोगा के पास सोमवार रात अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। उनमें से एक (रामाश्रय सिंह कुशवाहा) बीएसएफ के जवान थे। दूसरे दुर्गावती थाना क्षेत्र के अशोगा गांव निवासी संग्राम सिंह कुशवाहा थे।
दुर्गावती-चैनपुर पथ पर ग्राम अशोगा के पास सोमवार रात अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। उनमें से एक (रामाश्रय सिंह कुशवाहा) बीएसएफ के जवान थे। दूसरे दुर्गावती थाना क्षेत्र के अशोगा गांव निवासी संग्राम सिंह कुशवाहा थे। रामश्रय मोहनियां थाना क्षेत्र के महरों गांव के निवासी थे। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में उनकी तैनाती थी। दुर्गा पूजा पर वे अवकाश लेकर घर आए थे। उनकी शादी अशोगा गांव में हुई थी। उनकी पत्नी अपने मां-बाप की इकलौती संतान है, लिहाजा रामाश्रय ससुराल में ही रहते थे। रामाश्रय को एक लड़का और दो लड़की हैं। खरीदारी कर लौट रहे थे घर: रामाश्रय और संग्राम एक बाइक पर सवार होकर दुर्गावती बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे। उसी दौरान हादसा हुआ। दोनों गंभीर रूप से घायल थे। आसपास के ग्रामीण उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। वहां संग्राम को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। रामाश्रय को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वाराणसी में इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। ग्रामीणों ने लगाया जाम: बाइक दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो में फंस गई। चालक स्कॉर्पियो छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्गावती-चैनपुर पथ को जाम कर दिया। बीडीओ प्रशांत कुमार प्रसून और थानाध्यक्ष सोहेल अहमद ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया। इस दौरान एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।