सांप के काटने से महिला समेत दो लोगों की मौत
जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के बारे व भगवानपुर थाना क्षेत्र के पढ़ौती गांव में शनिवार की शाम व रविवार की सुबह सांप के काटने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई।
जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के बारे व भगवानपुर थाना क्षेत्र के पढ़ौती गांव में शनिवार की शाम व रविवार की सुबह सांप के काटने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों के अचेत होने पर परिजन सदर अस्पताल लेकर इलाज के लिए आए, लेकिन किसी को भी बचाया नहीं जा सका। मृतकों में बारे गांव निवासी बिकानू धोबी के पुत्र रामजी धोबी व पढ़ौती गांव के स्व. मुनी प्रसाद की पत्नी दासी कुंअर शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, रामजी धोबी शनिवार
शाम करीब चार बजे भभुआ-मोहिनयां पथ पर स्थित मरिचांव गेट के सामने खेत में सोहनी कर रहे थे। खेत में सोहनी करने के दौरान वे खेत के किनारे में बने मेढ़ पर आए। अचानक उसी समय पीछे से गेहुअन यानी नाग सांप ने डंस लिया। करीब आधा घंटा तक रामजी ने उस सांप की खोजबीन की। उसके बाद वहां से वो अपने घर की ओर चल दिए। करीब एक किलोमीटर से अधिक पैदल चलकर बारे गांव में पहुंच उसने चापाकल से पानी पिया। उसके बाद ही उसको दिखाई देना बंद हो गया। परिजनों के मुताबिक उसको कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। तत्पश्चात लोगों की सलाह से उसको यूपी के अमवां के सत्ती माई के पास ले जाया गया। जहां पर पहुंचने के बाद उसका झाड़फूंक हुआ। वहां के तांत्रिक ने बताया कि सांप उसी मेढ़ पर है। जहां एक नाग व नागीन है। रात में पीड़ित को लेकर परिजन घर आए। सुबह में सदर अस्पताल लाए तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिर भी परिजनों ने आस नहीं छोड़ा। घर पर ले जाकर करीब तीन से चार घंटा तक उसके शरीर पर पानी डाला। हर कोशिश नाकाम साबित हुई। उधर, गांव वालों ने सांप को पकड़ने वाला (नट) को बुलाया। जहां बादशाह नामक युवक ने एक सांप को उसी खेत के मेढ़ पर से पकड़ा।
पढ़ौती गांव में भी रविवार की सुबह दासी कुंअर खेत में सोहनी करने गई थी। इसी दौरान उन्हें सांप ने डंस लिया। घर आने पर परिजन उसे सदर अस्पताल इलाज के लिए ले आए, लेकिन उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों के शव को दाह संस्कार के लिए परिजन ले गए।