विपक्ष के नेता पद के लिए चुनाव लड़ रही कांग्रेस : सुशील मोदी
बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री नहीं बल्कि विपक्ष के नेता के लिए चुनाव लड़ रहा है।
बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि विपक्ष के नेता के लिए चुनाव लड़ रहा है।
उन्होंने प्रेसवार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबका साथ सबका विकास नीति पर देश ने भरोसा किया है। पांच दशक तक सरकार चलाने वाली कांग्रेस की करनी का ही फल है कि आज वह प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि विपक्ष के नेता के लिए चुनाव लड़ रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस बिहार में सिर्फ नौ सीटों पर चुनाव लड़कर सरकार कैसे बना सकती है। अन्य राज्यों में भी किसी पार्टी ने कांग्रेस का साथ नहीं दिया। जब सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक हुआ तो कांग्रेसियों में मायूसी थी। उनकी यही सोच थी कि इसका पूरा श्रेय नरेंद्र मोदी को ही चला जाएगा। आरक्षण की बात करने वाली कांग्रेस सरकार कभी आरक्षण तक नहीं दिला सकी। वीपी सिंह की सरकार, जिसे भाजपा का समर्थन था, उसमें आरक्षण का प्रस्ताव पास हुआ। इसके बाद भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में गरीब सवर्णों को दस प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया। उन्होंने कहा कि भभुआ में दुर्गावती जलाशय परियोजना शुरू कर भाजपा ने क्षेत्र के किसानों को लाभ पहुंचाया है।
प्रेसवार्ता के बाद सुशील मोदी ने भाजपा प्रत्याशी छेदी पासवान के समर्थन में रोड शो किया। रोड शो हवाई अड्डा मार्ग से शुरू होकर वीआइपी कॉलोनी, अष्टभुजी चौक, पटेल चौक, एकता चौक, कचहरी मार्ग, एकता चौक, पुराना बाजार, सब्जी मंडी आदि से गुजरा। इस दौरान नमो नमो के नारे लग रहे थे। रोड शो में मंत्री बृज किशोर बिद, भभुआ विधायक रिकी रानी पांडेय, मोहनियां विधायक निरंजन राम, एमएलसी संतोष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र पांडेय, जदयू जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद सिंह, कृष्णा जायसवाल, विश्वंभर तिवारी, अजय शंकर पांडेय, ओम प्रकाश गुप्ता आदि शरीक हुए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप