कैमूर में हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट और आंख चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
भभुआ के वार्ड 13 स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट और आंख चोरी हो गई है। मनोज कुमार दास ...और पढ़ें

हनुमान मंदिर में चोरी। (जागरण)
HighLights
भभुआ हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट और आंख चोरी।
सीसीटीवी फुटेज में चोर कैद, पुलिस जांच में जुटी।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, मंदिर सुरक्षा पर उठे सवाल।
संवाद सूत्र, भभुआ। नगर के वार्ड संख्या 13 स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट और आंख चोरी होने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में भभुआ वार्ड 13 निवासी मनोज कुमार दास ने रविवार को भभुआ थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह जब वे पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो देखा कि हनुमान जी की प्रतिमा से चांदी का मुकुट और आंख गायब है।
मंदिर में मौजूद सीसीटीवी कैमरे की जांच करने पर चोरी की घटना का खुलासा हुआ। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सुबह लगभग 3:30 बजे एक युवक मंदिर परिसर में घुसता हुआ दिखाई दे रहा है।
बताया गया कि वह युवक करीब दस मिनट तक मंदिर के अंदर रहा और उसके बाद बाहर निकल गया। इसी दौरान हनुमान जी का चांदी का मुकुट और आंख चोरी कर ली गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।
श्रद्धालुओं ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। मनोज कुमार दास ने आवेदन के साथ सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी पुलिस को सौंपा है, ताकि आरोपित की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
इस मामले में भभुआ थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
