बिहार में बुरे फंसे मनोज तिवारी; सवर्ण सेना ने दिखाए काले झंडे, फेंकी चूडि़यां
भोजपुरी अभिनेता व सांसद तथा दिल्ली के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी का बिहार से पुराना नाता रहा है। लेकिन, रविवार को उन्हें यहां सवर्ण सेना के विरोध का सामना करना पड़ा।
कैमूर [जेएनएन]। बिहार के भभुआ में दिल्ली के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद तथा भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी को सवर्ण सेना के विरोध का सामना करना पड़ा। वे रविवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के युवा शंखनाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान एससी-एसटी एक्ट का विरोध कर रहे युवाओं ने केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने मनोज तिवारी को काले झंडे दिखाए तथा चूडि़यां फेंकी।
मनोज तिवारी के खिलाफ प्रदर्शन
एससी-एसटी एक्ट के विरोध में सवर्ण समाज के कार्यकर्ताओं ने रविवार को मनोज तिवारी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके पहले उन्होंने कार्यक्रम का जमकर विरोध किया। पुलिस ने सवर्ण सेना के कार्यकर्ताओं को बल प्रयोग कर हटाया।
समझाने में नेताओं के छूटे पसीने
विरोध-प्रदर्शन के दौरान मंच से पार्टी के नेता-कार्यकर्ता समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वे नारेबाजी करते रहे। कार्यक्रम के मंच से लेकर नगर परिषद गेट व मुख्य सड़क तक विरोध से पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के पसीने छूट रहे थे। प्रशासनिक पदाधिकारी व पुलिस जवान भी युवाओं के विरोध को देख कर हैरान थे।
कार्यक्रम में जब मंच पर नेता भाषण की शुरुआत करते, आंदोलनकारी नारेबाजी शुरू कर देते थे। इससे कार्यक्रम शुरू ही नहीं हो पा रहा था।
दिखाए काले झंडे, फेंकी चूडि़यां
पुलिस-प्रशासन द्वारा आंदोलनकारियों को कार्यक्रम स्थल से हटाने के बाद वे नगर परिषद परिसर के मुख्य गेट पर डअे रहे। जैसे ही उन्होंने मनोज तिवारी के वाहन को आते देखा, वे सड़क पर उतर गए। उन्होंने सांसद के वाहन को रोक कर काला झंडा दिखाना शुरू कर दिया। आंदोलनकारियों ने चूडि़यां भी फेंकी। पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें हटाया। इसके बाद ही सांसद मनोज तिवारी कार्यक्रम स्थल पर बने मंच तक पहुंच सके।