विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तसदुक अंसारी बने स्वामी जीवन सिद्धार्थ, पत्नी और बच्चों ने भी बदले नाम; कैमूर में चर्चा में आया परिवार

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:29 PM (IST)

रामगढ़ में एक मुस्लिम परिवार के चार सदस्यों ने शास्त्रों और ओशो के विचारों से प्रभावित होकर हिंदू धर्म अपनाया। कार्तिक पूर्णिमा पर हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्होंने नए नाम भी धारण किए। 

रामगढ़ के हनुमान मंदिर में पूजा करते पति-पत्नी व पुत्री। जागरण

रामगढ़ के हनुमान मंदिर में पूजा करते पति-पत्नी व पुत्री। जागरण

संवाद सूत्र, रामगढ़ (कैमूर)। शास्त्रों और ओशो के विचारों से प्रभावित होकर रामगढ़ के एक परिवार के चार सदस्यों ने हिंदू धर्म अपनाने की घोषणा की है।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के मुखिया तसदुक अंसारी, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों ने प्रसिद्ध हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

इस दौरान परिवार के सदस्यों ने अपने नाम भी बदल लिए। मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच पूजा-पाठ और आरती की गई।परिवार के मुखिया तसदुक अंसारी ने अपना नाम स्वामी जीवन सिद्धार्थ रखा है।

हिंदू धर्म अपनाने के बाद नाम परिवर्तन

उनकी पत्नी अलीमुन निशा अब अन्नु पांडेय, पुत्र ओशो पांडेय और पुत्री रानी पांडेय के नाम से पहचाने जाएंगे। चारों सदस्य तिलक लगाकर मंदिर पहुंचे।

वहां पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा कराई। परिवार के सदस्यों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और मंदिर परिसर में स्थापित देवी-देवताओं के मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया।

इसके बाद मिट्टी के दीपक में घी का दीप जलाकर आरती की। परिवार ने सनातन धर्म के प्रति अपनी आस्था बनाए रखने और इसके सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। परिवार के मुखिया के अनुसार, इसके लिए उन्होंने न्यायालय में शपथ भी ली है।

माता-पिता के साथ बच्चे भी पहले से करते रहे हैं पूजा-पाठ

परिवार के मुखिया ने बताया कि उनके दोनों बच्चे (बेटा-बेटी) इंजीनियर हैं। माता-पिता के मार्गदर्शन में वे भी पहले से हिंदू धर्म और उसकी परंपराओं को मानते रहे हैं।

घर में विभिन्न देवी-देवताओं की तस्वीरें लगी हैं। परिवार के सदस्य प्रतिदिन सुबह पूजा-पाठ और स्मरण करते हैं। उनके अनुसार, घर में लंबे समय से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान किए जाते रहे हैं।

चार दशक पहले रामगढ़ में आकर बसा था परिवार

परिवार मूल रूप से नुआंव प्रखंड के सातों अवंती गांव का रहने वाला है। करीब चार दशक पहले यह परिवार रामगढ़ आकर बस गया था। यहां खेती-बाड़ी के साथ व्यवसाय भी करता है।

रामगढ़-देवहलिया रोड में दुर्गा चौक के पास परिवार की दुकान है।  जीवन सिद्धार्थ ने बताया कि शास्त्रों और ओशो के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया।

उनका कहना है कि सनातन धर्म की परंपराओं और विचारों में उन्हें विशेष आस्था है। उन्होंने अपने इस फैसले को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा निर्णय बताया।

धर्म को लेकर उन्होंने अपने विचार भी रखे और कहा कि वे दूसरे लोगों को भी सनातन धर्म के सिद्धांतों और परंपराओं से परिचित कराना चाहते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।