यात्री शेड नहीं होने से परेशानी
प्रखंड मुख्यालय में यात्री शेड नहीं होने से यात्रियों को इस चिलचिलाती धूप में काफी।
कैमूर। प्रखंड मुख्यालय में यात्री शेड नहीं होने से यात्रियों को इस चिलचिलाती धूप में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय से भभुआ सहित अन्य स्थानों को जाने वाले लोग धूप में खड़े होकर वाहनों का इंतजार करते हैं। वाहन चालक भी अधिक पैसा कमाने के चक्कर में वाहन की सीट के अलावा वाहन की छत पर यात्री को नहीं बैठा लेते तब तक गंतव्य के लिए नहीं चलते। इससे वाहनों में बैठे लोग गर्मी व उमस से परेशान हो जाते हैं। लेकिन वाहन चालकों को यात्रियों के कष्ट से कोई लेना देना नहीं। प्रखंड मुख्यालय के मुख्य मार्गों पर एक-दो पेड़ हैं जिसके नीचे बैठ कर लोग वाहनों का इंतजार करते हैं। लेकिन प्रतिदिन भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय में स्थित स्टैंडों पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ होती है। सुबह से लेकर शाम तक लोगों का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन यात्री शेड नहीं होने के कारण लोग इधर-उधर बैठ कर वाहनों का इंतजार करते रहते हैं। सबसे अधिक परेशानी बीमार लोगों को है। वाहनों को बिना ओवरलोड भरे गंतव्य के लिए नहीं निकलने व यात्री शेड नहीं होने से धूप व गर्मी में ही बीमार लोग बैठते हैं। इससे उनकी तबीयत और खराब हो जाती है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से इस ओर शीघ्र पहल करने की मांग की है।