मां मुंडेश्वरी धाम में हुई निशा पूजा
चैत्र नवरात्र में अष्टमी तिथि की रात घर से लेकर मंदिरों तक के लिए खास होती है। इस रात सभी के घरों में मां दुर्गा की पूजा पूरी रात होती है।
चैत्र नवरात्र में अष्टमी तिथि की रात घर से लेकर मंदिरों तक के लिए खास होती है। इस रात सभी के घरों में मां दुर्गा की पूजा पूरी रात होती है। इसी परंपरा के अनुसार शुक्रवार की रात जिले के सभी गांवों में रहने वाले लोगों ने अपने-अपने घरों में मां दुर्गा की पूजा अर्चना की गई। पूरी रात महिलाओं ने घर में कलश रख कर मां दुर्गा की पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके द्वारा मां दुर्गा के देवी गीतों के गाने से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ था। वहीं जिले के भगवानपुर प्रखंड में स्थित मां मुंडेश्वरी धाम में आयोजित निशा पूजा को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया। मां मुंडेश्वरी मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया। मां मुंडेश्वरी की प्रतिमा का भव्य श्रृंगार किया गया। जिसके चलते मां मुंडेश्वरी की प्रतिमा काफी भव्य दिख रही थी। प्रत्येक श्रद्धालु की नजर मां की प्रतिमा से हट नहीं रही थी। अष्टमी तिथि की पूरी रात पूरा धाम परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ से खचाखच भरा रहा। इस दौरान मां मुंडेश्वरी की निशा पूजा में पुजारी लगे रहे। बीच-बीच में मां के जयकारे से पवरा पहाड़ी गूंज रही थी। वहीं शनिवार की सुबह नवमी तिथि के दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना शुरू हो गया। सुबह सात बजते ही श्रद्धालुओं की कतार नीचे सीढ़ी तक पहुंच गई थी। हालांकि सभी श्रद्धालु कतार में खड़ा होकर अपने बारी का इंतजार करते रहे। मां मुंडेश्वरी का दर्शन व पूजन करने के बाद निकले श्रद्धालु मंदिर की परिक्रमा किए। इसके बाद नारियल फोड़ कर मौके पर ही प्रसाद का वितरण किया। कुछ श्रद्धालुओं द्वारा वाहन ऊपर ले जाने के चलते पूरा जाम लग गया था। जिसके चलते दर्शन कर लौटने वालों को अपना वाहन निकालने में भी परेशानी हुई।