विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव की महिला, देसी हुनर और 10 लाख की कमाई; बिहार की बेगम अफरोज ने कर दिया कमाल!

Published: Tue, 17 Nov 2026 01:15 PM (IST)

कैमूर की बेगम अफरोज ने पारंपरिक हथकरघा उद्योग से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। उनका परिवार दरी और कालीन ...और पढ़ें

कालीन की बुनाई करती अफरोज। जागरण

कालीन की बुनाई करती अफरोज। जागरण

HighLights

  1. बेगम अफरोज ने हथकरघा उद्योग से आत्मनिर्भरता की राह दिखाई।

  2. परिवार दरी-कालीन बनाकर सालाना 8-10 लाख रुपये का कारोबार करता है।

  3. पारंपरिक कला का संरक्षण और ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनीं।

जागरण संवाददाता, भभुआ। जिले में ग्रामीण आजीविका एवं महिला सशक्तीकरण की दिशा में चैनपुर प्रखंड के ग्राम संगठन गंगापुर की सदस्य बेगम अफरोज पति मुस्लिम मिर्जा ने पारंपरिक हथकरघा उद्योग से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

बेगम अफरोज का पूरा परिवार एकजुट होकर दरी एवं कालीन निर्माण के कार्य में जुटा हुआ है। निर्माण प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में परिवार का प्रत्येक सदस्य अपनी भूमिका निभाता है। परिवार के सदस्य पूरे वर्ष मेहनत एवं लगन से हथकरघा पर विभिन्न प्रकार की दरी एवं कालीन तैयार करते हैं।

सालाना 8-10 लाख का कारोबार

परिवार द्वारा निर्मित दरी एवं कालीन को विभिन्न खुदरा एवं अन्य बाजारों में बिक्री के लिए भेजा जाता है। इस पारंपरिक व्यवसाय के माध्यम से परिवार प्रतिवर्ष लगभग 8 से 10 लाख रुपये का कारोबार कर रहा है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है।

आधुनिक मशीनीकरण के दौर में अफरोज के परिवार की यह पहल न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रही है, बल्कि पारंपरिक हथकरघा एवं हस्तशिल्प कला को संरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

जिला प्रशासन ने की सराहना:

डीएम कुमार अनुराग ने कहा कि स्थानीय हुनर एवं पारंपरिक कौशल को आजीविका और स्वरोजगार से जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उनके कौशल के अनुरूप आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकें।

बेगम अफरोज एवं उनके परिवार की यह सफलता दर्शाती है कि पारिवारिक सहयोग, स्थानीय हुनर और निरंतर मेहनत के बल पर ग्रामीण परिवेश में भी सफल उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। उनकी यह कहानी अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।