नशे की लत बनी खून की वजह, हत्यारा पुत्र गिरफ्तार; पिता को लाठी से पीटकर उतारा था मौत के घाट
भभुआ (कैमूर) में नशे के लिए पैसे न देने पर पुत्र ने अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। ...और पढ़ें

पिता को लाठी से पीटकर उतारा था मौत के घाट
HighLights
नशे के लिए पैसे न देने पर पुत्र ने पिता की हत्या की।
कैमूर के सिरहिरा गांव में लाठी से पीटकर जघन्य वारदात हुई।
पुलिस ने आरोपी पुत्र नन्हकू बिंद को गिरफ्तार कर लिया।
संवादसूत्र, भभुआ(कैमूर)। जिले के चांद थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरहिरा गांव में नशे के लिए पैसे नहीं देने पर अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या करने वाले पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज वारदात बीते वर्ष 29 मई 2025 की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था।
झोपड़ीनुमा मकान में हुई थी निर्मम हत्या
मृतक की पहचान सिरहिरा गांव निवासी सीरी बिंद के रूप में हुई थी। 29 मई की रात उनके झोपड़ीनुमा मकान में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई थी और परिजन सदमे में थे।
अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला
इस हत्याकांड को लेकर गांव के ही गुलाब पासवान के बयान पर चांद थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त लाठी बरामद की थी और वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था।
जांच में खुला चौंकाने वाला सच
अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि इस जघन्य हत्या को किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि मृतक के छोटे पुत्र नन्हकू बिंद ने ही अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
नशे के लिए मांगता था पैसे, मना करने पर की हत्या
पुलिस पूछताछ में नन्हकू बिंद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह नशे का आदी है और अक्सर नशा करने के लिए अपने पिता से पैसे मांगता था। घटना के दिन भी पैसे को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने लाठी से पिता के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी।
टॉप-10 अपराधियों में था शामिल
एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि आरोपी नन्हकू बिंद भभुआ अनुमंडल क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था। पुलिस अब तक इस सूची में शामिल नौ अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक फरार अपराधी की तलाश जारी है।
समाज के लिए चेतावनी और संदेश
यह घटना नशे की भयावहता और उसके दुष्परिणामों का कड़वा सच सामने लाती है। नशा न केवल व्यक्ति का भविष्य बर्बाद करता है, बल्कि परिवार और समाज को भी तबाही की ओर ले जाता है। जरूरत है कि युवा नशे से दूर रहें और परिवार समय रहते ऐसी प्रवृत्तियों पर सख्ती से रोक लगाए।गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
