गरीब व असहायों के बीच सम्राट अशोक क्लब ने बांटा खाद्यान्न
कैमूर। रामपुर स्थानीय प्रखंड के बेलांव गांव में स्थित बौद्ध बिहार प्रांगण में सम्राट अशोक क्लब शाखा बेलांव के द्वारा मजदूर दिवस के अवसर पर गरीबों व असहायों के बीच राशन का वितरण किया गया।
कैमूर। रामपुर स्थानीय प्रखंड के बेलांव गांव में स्थित बौद्ध बिहार प्रांगण में सम्राट अशोक क्लब शाखा बेलांव के द्वारा मजदूर दिवस के अवसर पर गरीबों व असहायों के बीच राशन का वितरण किया गया। बीडीओ अरविद कुमार सिंह व बेलांव पंचायत की मुखिया सीमा देवी के हाथों राशन का वितरण हुआ। इसमें पांच किलो चावल, दाल, तेल, आलू, मिर्च, नमक व साबुन का वितरण किया गया। वितरण के दौरान खास बात यह रही कि राशन लेने आए सभी जरूरतमंदों ने फिजिकल डिस्टेंसिग का पालन किया। सम्राट अशोक क्लब के सदस्यों द्वारा लोगों को खड़ा होने के लिए अलग अलग दर्जनों गोले बनाए गए थे। मौके पर बीडीओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपलोग जानते हैं कि एक बीमारी है जिसका नाम है कोरोना। यह तेजी से देश में फैल रहा है। यह भारत में ही नहीं पूरे विश्व में फैल चुका है। इस बीमारी से बचने के लिए भीड़ वाली जगह पर नहीं जाएं और एक दूसरे से दूरी बनाकर रहे। इसके बाद मुखिया सीमा देवी ने लोगों से कहा कि कोरोना से बचने के लिए एक दूसरे से दूरी बनाकर रहे। सफाई पर विशेष ध्यान रखें। अगर किसी को कोई लक्षण की शंका हो तो प्रशासन को सूचना दें। इस मौके पर सम्राट अशोक क्लब शाखा के सदस्य डॉ. मृत्युंजय मौर्य, सुरेंद्र सिंह, मनोज सिंह, राजेश कुमार मौर्य, अजित, दिनेश सिंह मौर्य सहित प्रखंड कार्यालय के कर्मी व अशोक क्लब के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।